सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन: आज जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी, ड्रोन से रखी जा रही नजर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज फिर विरोध प्रदर्शन होने की संभावना है। इस कारण सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद ...और पढ़ें

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन: आज जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी
HighLights
देश के कई राज्यों में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं
सीईसी को हटाने की मांग को लेकर INDI गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में कल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। हालांकि बाद में उनको पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बाद आकाशवाणी भवन परिसर में घुसकर विरोध प्रदर्शन को हाई वोल्टेज राजनीतिक तेवर दे दिया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज फिर विरोध प्रदर्शन होने की संभावना है। इस कारण सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग तक के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
विभिन्न राजनीतिक दलों और नागरिक संगठनों द्वारा बुलाए गए इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है।
दंगा नियंत्रण वाहनों को भी मुस्तैद रखा
दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, संसद मार्ग और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर तीन लेयर की सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों को संसद भवन की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन (वज्र वाहन) और दंगा नियंत्रण वाहनों को भी मुस्तैद रखा गया है।
सीईसी को हटाने की मांग को लेकर इंडी गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन
सीईसी को हटाने की मांग को लेकर इंडी गठबंधन के सांसदों ने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग तक का विरोध मार्च निकाला। लेकिन आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के बीच संसद मार्ग पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग के साथ घेरेबंदी कर विपक्षी सांसदों को वहीं रोक दिया।
विपक्षी सांसद करीब डेढ़ घंटे तक वहीं धरने पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। इसी बीच कुछ सपा सांसद और कुछ देर बाद राहुल गांधी भी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। जबकि तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी बैरिकेड पर माइक लेकर प्रधानमंत्री और सीईसी के विरुद्ध नारेबाजी करते दिखे।
