यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राज्यसभा में सुषमा स्वराज के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस
कांग्रेस का कहना है कि विदेश मंत्री ने सदन में कहा था कि सुषमा स्वराज ने बांडुंग सम्मलेन में कोई भाषण नहीं दिया था, जबकि उन्होंने वहां भाषण दिया था।

नई दिल्ली, पीटीआइ। कांग्रेस ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने शुक्रवार को विदेश मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव सौंपा है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि भारत की विदेश नीति और रणनीतिक साझीदारों से संबंध पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए तीन अगस्त को विदेश मंत्री ने सदन को गुमराह किया।
कांग्रेस सदस्य अंबिका सोनी, विवेक रंजन गोहैन, राजीव गौड़ा एवं अन्य ने स्वराज पर आरोप लगाया है। आरोप है कि अल्पकालिक चर्चा का उत्तर देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि बांडुंग एशिया अफ्रीका संबंध सम्मेलन की 60वीं सालगिरह के मौके पर सरकार के किसी प्रतिनिधि ने न तो भाषण दिया और न ही कोई बयान दिया।
कांग्रेस का कहना है कि विदेश मंत्री ने सदन में कहा था कि सुषमा स्वराज ने बांडुंग सम्मलेन में कोई भाषण नहीं दिया था, जबकि उन्होंने वहां भाषण दिया था। इस संबंध में स्वराज के डाउनलोड किए गए भाषण को सबूत के तौर पर पेश किया है।
स्वराज ने सदन को यह भी सूचित किया कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल के किसी सदस्य को भाषण देने के लिए नहीं बुलाया गया था। कांग्रेस सदस्यों ने इसपर आपत्ति की है और इसे झूठा कहा है। पाकिस्तान के साथ रिश्ते पर गलत जानकारी देने के लिए भी कांग्रेस सोमवार को स्वराज के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देगी।
