Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विदेशी युवतियों के मामले में चौतरफा घिरे कानून मंत्री

    By Edited By:
    Updated: Thu, 23 Jan 2014 09:21 AM (IST)

    मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में आप समर्थकों व दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती द्वारा युगांडा की युवती के घर में घुसकर देर रात हंगामा करने के मामले में युवती ने सोमनाथ भारती की पहचान कर ली है। पटियाला हाउस कोर्ट की महानगर दंडाधिकारी चेतना सिंह के निर्देश पर मालवीय नगर थाना पुलि

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में आप समर्थकों व दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती द्वारा युगांडा की युवती के घर में घुसकर देर रात हंगामा करने के मामले में युवती ने सोमनाथ भारती की पहचान कर ली है। पटियाला हाउस कोर्ट की महानगर दंडाधिकारी चेतना सिंह के निर्देश पर मालवीय नगर थाना पुलिस ने बीते रविवार को ही अज्ञात के खिलाफ पांच धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। इनमें गलत तरीके से रोकना, जान से मारने की धमकी, महिलाओं के सामने अपशब्द का इस्तेमाल, धार्मिक भावनाओं को उकसाना व रंगभेद टिप्पणी तथा छेड़छाड़ शामिल हैं। ये धाराएं अब सोमनाथ भारती पर लगेंगी। इनमें सबसे गंभीर धारा छेड़खानी की है, जिसमें न्यूनतम एक साल व अधिकतम पांच साल सजा का प्रावधान है। चूंकि स्थानीय थाना की पुलिस पर भी आरोप है, इसलिए मालवीय नगर थाने के बजाय मामले की जांच महरौली के थानाध्यक्ष रमण कुमार लांबा को सौंपी गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छेड़खानी व रंगभेद टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को उकसाने वाली ये दोनों धाराएं गैरजमानती हैं, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी निश्चित है। भारती कानून मंत्री हैं। लिहाजा पुलिस ने ऊपर के आदेश पर भले ही फिलहाल उन्हें गिरफ्तार न करने का निर्णय लिया है, लेकिन इससे उनकी मुश्किलें कम नहीं होंगी। सोमवार को युगांडा की युवती का साकेत के लिंक मजिस्ट्रेट पूर्वा सरीन के समक्ष सीआरपीसी की धारा 164 का बयान कराया गया था। बयान के दौरान निजी न्यूज चैनलों के वीडियो फुटेज व अखबारों में छपी खबरों की तस्वीरें दिखाने पर युवती ने सोमनाथ भारती की पहचान कर ली। युवती ने कानून मंत्री की पहचान करते हुए कहा कि घटना वाली रात 15 जनवरी को उन्हीं के साथ कुछ समर्थक उनके घर में घुस आए थे और हंगामा किया था। अधिकारी का कहना है पुलिस मामले की जांच कर आरोपपत्र दायर कर देगी। उसके बाद अदालत सुनवाई के दौरान कानून मंत्री को समन देकर बुला सकती है।

    पढ़े: नजीब के जरिये चेहरा बचा पाए केजरीवाल

    भारती को क्लीन चिट नहीं: योगेंद्र यादव

    सोमनाथ की मुश्किलें बढ़ी, युगांडा की महिला ने की पहचान

    कानून मंत्री व आप के कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि 15 की रात करीब डेढ़ बजे इन्होंने खिड़की एक्सटेंशन में रहने वाली युगांडा की युवती के घर में घुसकर वहां सेक्स रैकेट व ड्रग्स का धंधा चलने का आरोप लगा हंगामा किया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नाइट जीओ एसीपी से कानून मंत्री की कहासुनी हो गई थी। अफ्रीकी युवती ने इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दायर की थी, जिसपर कोर्ट ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

    महिला आयोग ने मांगा कानून मंत्री का इस्तीफा

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। युगांडा की महिलाओं के साथ बदसुलूकी के मामले में दिल्ली महिला आयोग नेराज्य के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग की है। आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि कानून मंत्री जब कानून की धज्जियां उड़ाएं तो उन्हें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं। उन्होंने बताया कि उन्हें दोबारा समन भेजा गया है और शुक्रवार तक हाजिर होने को कहा गया है। यदि वह इस बार भी उपस्थित नहीं होते तो उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज करा कार्रवाई की जाएगी।

    खिड़की एक्सटेंशन में रहने वाली युगांडा की महिलाओं ने आयोग में दु‌र्व्यवहार व हमला किए जाने शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि गोली मारने की धमकी देकर जबरन उनके घर का दरवाजा खुलवाया गया। महिलाओं का आरोप है कि मेडिकल जांच के लिए एम्स ले जाते वक्त गाड़ी में ही उनको जबरन यूरीन सैंपल देने के लिए मजबूर किया गया। बरखा सिंह ने कहा कि पांच महिलाओं की शिकायत के बाद ही मंगलवार को कानून मंत्री को समन जारी कर उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन वह नहीं आए तो दोबारा समन भेजा गया है। यदि वह इस बार भी उपस्थित नहीं होते हैं तो उपराज्यपाल से भी शिकायत की जाएगी। महिलाओं ने आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने के बाद दफ्तर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराईं थी।

    कांग्रेस और भाजपा ने कड़े किए तेवर

    नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। केजरीवाल सरकार अपने कानून मंत्री सोमनाथ भारती के मुद्दे पर चारों ओर से घिरती नजर आ रही है। खासकर, युगांडा की महिलाओं द्वारा उनकी पहचान किए जाने के बाद उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। उनको लेकर सियासत भी गरमाई हुई है।

    केजरीवाल सरकार को समर्थन दे रही कांग्रेस ने भारती के मामले पर अपने तेवर बेहद सख्त कर लिए हैं। पार्टी ने भारती की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली की अगुवाई में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस द्वारा इस मामले में कार्रवाई करने में देरी को लेकर बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात करेगा।

    लवली ने कहा कि यदि कोई आम आदमी होता तो पुलिस ने अब तक उसे गिरफ्तार कर लिया होता, लेकिन चूंकि मामला कानून मंत्री से जुड़ा है शायद इसीलिए उनके खिलाफ कार्रवाई में कोताही बरती जा रही है। लिहाजा कांग्रेस उपराज्यपाल से मिलकर पुलिस द्वारा बरती जा रही शिथिलता को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार से समर्थन वापसी के विकल्प पर अभी विचार नहीं कर रही है। भारती की बर्खास्तगी के मुद्दे पर भाजपा के तेवर भी आक्रामक हैं। पार्टी विधायक दल की बृहस्पतिवार की बैठक हो रही है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में उपराज्यपाल से मिलकर दिल्ली के कानून मंत्री की बर्खास्तगी की मांग करने का फैसला भी लिया जाएगा। उधर, दिल्ली महिला आयोग ने कानून मंत्री भारती को नोटिस भेजकर उन्हें शुक्रवार तक अपना पक्ष रखने को कहा है। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देने के लिए खुद मुख्यमंत्री केजरीवाल मौजूद नहीं थे और कानून मंत्री ने बार-बार पूछे जाने के बावजूद कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। उन्होंने इतना जरूर कहा कि दिल्ली महिला आयोग द्वारा जारी किया गया कोई नोटिस उन्हें अभी तक नहीं मिला है।

    आप के खिलाफ खोला मोर्चा

    नई दिल्ली। भाजपा ने कानून मंत्री सोमनाथ भारती के बहाने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश भाजपा ने घोषणा की है कि शुक्रवार को सभी 14 जिला इकाइयां अलग-अलग धरना-प्रदर्शन करेंगी। प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि कानून तोड़ने वाले कानून मंत्री भारती को त्यागपत्र देना चाहिए। गोयल ने कहा कि भाजपा कानून मंत्री की बर्खास्तगी तक अपना आंदोलन जारी रखेगी और सरकार की पोल जनता के सामने खोली जाएगी।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

    comedy show banner
    comedy show banner