यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुरेंद्र कोली को फंासी के लिए मेरठ जेल तैयार
गाजियाबाद की डासना जेल में कैद सुरेंद्र कोली को फांसी मुकर्रर होने के बाद मेरठ के फांसीघर को तैयार कर ...और पढ़ें

मेरठ [जागरण संवाददाता]। गाजियाबाद की डासना जेल में कैद सुरेंद्र कोली को फांसी मुकर्रर होने के बाद मेरठ के फांसीघर को तैयार कर लिया गया। माना जा रहा है कि दस सितंबर को पवन जल्लाद ही सुरेंद्र कोली को मेरठ जेल में फांसी देगा। मेरठ जेल में 39 साल बाद किसी को फांसी दी जाएगी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक का कहना है कि अभी तक अफसरों ने उन्हें फोन पर ही जानकारी दी है। पूरे मामले को गोपनीय रखा जा रहा है। फांसी के तीन चार दिन पहले सुरेंद्र कोली को चुपचाप काले शीशे वाली गाड़ी में मेरठ जेल में शिफ्ट किया जाएगा।
पूरे राष्ट्र को हिलाकर रख देने वाले 2006 के निठारी कांड में मुख्य आरोपी रहे मोनिंदर सिंह पंधेर के नौकर सुरेंद्र कोली को सीबीआइ कोर्ट ने फांसी की सजा सुना दी। इससे पहले भी सुरेंद्र कोली को पांच मुकदमों में फांसी की सजा हो चुकी है। सुरेंद्र कोली को गाजियाबाद की डासना जेल में कैद रहते हुए फांसी की सजा मुकर्रर की गई है।
सूत्रों के मुताबिक अभी तक दस सितंबर को फांसी देने की बात चल रही है। लिखित तारीख नहीं होने के कारण तिथि को गोपनीय रखा जा रहा है। इस तिथि को एक-दिन आगे या पीछे भी बढ़ाया जा सकता है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक मोहम्मद हुसैन मुस्तफा रिजवी ने बताया कि डीआइजी की काल आने के बाद फांसी घर की साफ सफाई करा दी गई। पवन जल्लाद ने भी फांसी घर तैयार कर लिया है।
यहां अंतिम फांसी जुलाई 1975 में दी गई थी। इसलिए फांसी घर खंडहर जैसी हालत में था। तख्ते, एंगल और फांसी के लिए 15 मीटर की रस्सी का इंतजाम कर फांसी घर तैयार हो चुका है। फांसी से तीन दिन पहले ही सुरेंद्र कोली को मेरठ जेल में शिफ्ट किया जाएगा। विधि विधान के अनुसार फांसी के समय डीएम, जेल अधीक्षक, जल्लाद एवं सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे।
इन्होंने कहा..
सुरेंद्र कोली को फांसी देने के बारे में पास फोन आया था। कोई पत्र नहीं मिला है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक से बात हो गई है। फांसी घर को पूरी तरह से तैयार कर लिया है।
पवन जल्लाद
फांसी घर में जेल के चुनिंदा अफसरों की मौजूदगी में फंदे और चैंबर को चेक किया गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि तख्त और एंगल की मरम्मत कराई जा रही है। फांसी देने से पहले पवन जल्लाद फांसी घर का ट्रायल भी करेगा।
केसत्यनारायण, डीआइजी
