एनडीए बढ़ेगा, यूपीए टूटेगा : नकवी
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने दावा किया है कि एनडीए गठबंधन 350 लोकसभा सीटों पर जीतेगा और 16 मई के बाद यूपीए गठजोड़ बिखर जाएगा। वाराणसी में नरेंद्र मोदी का नामांकन पत्र जमाकर कर गुरुवार को देर शाम लखनऊ पहुंचे नकवी ने कहा मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकेगा। एन
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने दावा किया है कि एनडीए गठबंधन 350 लोकसभा सीटों पर जीतेगा और 16 मई के बाद यूपीए गठजोड़ बिखर जाएगा। वाराणसी में नरेंद्र मोदी का नामांकन पत्र जमाकर कर गुरुवार को देर शाम लखनऊ पहुंचे नकवी ने कहा मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकेगा। एनडीए में इस समय 26 राजनीतिक दल हैं। उन्होंने यूपीए को निशाने पर लेते हुए कहा आजादी के बाद से कांग्रेस देश लूटती रही है। अब जनता कांग्रेस मुक्त होने का मन बना लिया है।
नकवी का कहना था कि मुसलमानों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। देश के विकास व सरकार संचालन में उनका सहयोग बहुत जरूरी है। नकवी ने कई एनजीओ संचालकों व वरिष्ठ मुस्लिम नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलायी।
देश सुरक्षित रखने को भाजपा जरूरी :
पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में कहा कि देश परिवर्तन चाहता है। जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने को तैयार है। इस बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनेगी। कांग्रेस के दस साल के कुशासन से जनता बुरी तरह ऊब चुकी है। यूपीए की सरकार आंतरिक व बाहरी सुरक्षा दोनों मुद्दों पर फ्लाप रही। उन्होंने यूपी में आश्चर्यजनक परिणाम आने का दावा करते कहा कि इस बार जाति धर्म की सीमाएं ध्वस्त होंगी। उनका कहना था कि कांग्रेस ने सेना को विवादित बनाने का काम किया है, जिससे सेना के मनोबल पर भी प्रभाव पड़ा है। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव नरेश वशिष्ठ, अवनीश प्रताप सिंह, संजीव दीक्षित, संजीव शर्मा और राजीव मिश्रा समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
समता छोड़कर भाजपा में शामिल :
समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा.केके त्रिपाठी अपनी कमेटी समेत भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। महामंत्री पंकज सिंह के समक्ष, सनातन ब्राह्माण फाउंडेशन के गोपालनारायण बाजपेयी दुर्गाशंकर बाजपेयी, दिलीप पाठक व अनुज शुक्ला ने नरेंद्र मोदी की नीतियों में आस्था जतायी।
धर्मगुरु कल्वे जवाद की पत्नी का हाल जाना :
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह की पत्नी सावित्री सिंह ने गुरुवार को शिया धर्मगुरु कल्बे जवाद की पत्नी फातिमा का मेयो अस्पताल जाकर कुशलक्षेम पूछा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।