राजनाथ की चुनावी सभाओं में 'अटल जाप'
चौक-चौराहे में आयोजित सभा में रात्रि करीब साढ़े नौ बजे पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास को पीएम और मंत्रियों से मनमाफिक काम कराने का भरोसा दिलाकर अपने लिए वोट मांगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शख्सियत व उनकी नीतियों की सराहना करने में भी कोई क
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। चौक-चौराहे में आयोजित सभा में रात्रि करीब साढ़े नौ बजे पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास को पीएम और मंत्रियों से मनमाफिक काम कराने का भरोसा दिलाकर अपने लिए वोट मांगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शख्सियत व उनकी नीतियों की सराहना करने में भी कोई कंजूसी नहीं बरती। 25 मिनट के संबोधन में आधा समय अटल जी का गुणगान में बीता।
भाजपा अध्यक्ष अपनी प्रत्येक चुनावी सभा में 'अटल जाप' का सहारा ले रहे है। अटल सरकार की खूबियां गिनाते हुए यूपीए शासन काल के दस वर्षो की बखियां उधेड़ने का मौका भी नहीं चूकते। 55 वर्ष के कांग्रेसी शासन पर देश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए घोटालों के कारण देश को शर्मसार कर देने की तोहमत मढ़ते है। भ्रष्टाचार व हुकमरानों की बदनीयत को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए अटलजी को छह वर्ष तक महंगाई काबू करने का श्रेय दिया। उनका दावा है कि भाजपा को ही महंगाई पर नियंत्रण करना आता है।
लखनऊ से अपना वर्षों पुराना रिश्ता बताते हुए राजनाथ यहां अटलजी द्वारा शुरू की विकास यात्रा को गति देने का वादा करते है तो जवाब में जनता की ओर से अटल राजनाथ जिंदाबाद नारों की गूंज सुनाई देती है। लोकल कनेक्ट जताने को राजनाथ अपने भाषणों की शुरुआत अधिक से अधिक वर्करों के नाम लेकर करते है। पूर्व पार्षद विष्णु त्रिपाठी उर्फ लंकेश का कहना है कि कमोबेश ऐसा ही अंदाज अटलजी का होता था।
इतना ही नहीं राजनाथ सिंह लखनऊ के विकास को प्रधानमंत्री और मंत्रियों से मनमाफिक काम कराने का भरोसा दिलाकर जनता का अहसास कराते है कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनती है तो उनकी भूमिका भी अहम होगी। इससे लखनऊ को देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों में पहचाना जा सकेगा।
एनडीए गठबंधन को 300 से जादा सीटें मिलने का दावा करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ प्रधानमंत्री के पद पर नरेंद्र भाई मोदी को आसीन करने के साथ गुजरात माडल की सर्वश्रेष्ठ कह लोगों का दिल जीत जीतने की कोशिश करना कभी नहीं भूलते है। सभाओं में सांसद लालजी टंडन, डॉ. दिनेश शर्मा, शिव कुमार शर्मा मौजूद रहते है।