सोनिया के कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने के पक्ष में राकांपा
राकांपा महासचिव ने कहा, 'सोनियाजी पार्टी का नेतृत्व छोड़ देंगी तो गलत संदेश जाएगा। सत्तारूढ़ दल को यह लगेगा कि उसकी दबाव की नीति काम कर रही है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पदोन्नति दिए जाने की खबरों के बीच राकांपा नेता तारिक अनवर ने सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि सोनिया सांप्रदायिक भाजपा से मुकाबले के लिए संप्रग को पुनर्जीवित करने का काम कर सकती हैं।
राकांपा महासचिव ने कहा, 'सोनियाजी पार्टी का नेतृत्व छोड़ देंगी तो गलत संदेश जाएगा। सत्तारूढ़ दल को यह लगेगा कि उसकी दबाव की नीति काम कर रही है। इसके अलावा ऐसे फैसले से कांग्रेस कार्यकर्ता हतोत्साहित होंगे। इसलिए सोनिया को अध्यक्ष बने रहना चाहिए।'
पढ़ेंः कांग्रेस को एकजुट रखती हैं सोनिया, उनके बिना टूट जाएगी पार्टी: वेंकैया
अनवर ने कहा कि संप्रग का कोई दल गठबंधन से अलग नहीं हुआ है। फिर भी राजग के सत्ता में आने के बाद पिछले दो वर्षों से संप्रग के नेताओं की बैठक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांप्रदायिक रथ को रोकने के लिए सोनिया गांधी को संप्रग को पुनर्जीवित करने की पहल करनी चाहिए। भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के बिना कोई भी मोर्चा नहीं बन सकता।
अनवर ने भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के दावे पर याद दिलाया कि 1968, 1977, 1989 और 1999 के चुनावों में धक्का लगने के बावजूद कांग्रेस की वापसी हुई थी। इसलिए कांग्रेस के साथ अभी जो हुआ है, वह स्थायी नहीं है।
पढ़ेंः सोनिया से बोले दिग्विजय, युवा हाथों को सौंपे कांग्रेस की कमान