विकास चाहते हैं तो हिंसा छोड़ें नक्सलीः राजनाथ
झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि नक्सली विकास चाहते हैं तो हिंसा छोड़ मुख्यधारा में आएं। पलामू मंडल के भवनाथपुर, रंका, हैदरनगर और मनिका में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो राज्य विकास की राह
जेएनएन, मेदिनीनगर। झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि नक्सली विकास चाहते हैं तो हिंसा छोड़ मुख्यधारा में आएं। पलामू मंडल के भवनाथपुर, रंका, हैदरनगर और मनिका में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो राज्य विकास की राह पर तेजी से अग्रसर होगा।
गृहमंत्री ने क्षेत्रवासियों को अच्छे दिन का आश्वासन देते हुए कहा, इस क्षेत्र में वर्षो से बंद जपला सीमेंट फैक्ट्री को शीघ्र चालू कराया जाएगा। पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने से स्थितियां तेजी से बदलती हैं। केंद्र की मोदी सरकार इसका उदाहरण है। महंगाई रुकी है और आंख दिखाने वाला पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र संघ में घिघिया रहा है। सरकार चलाने की कला भी आनी चाहिए। उन्होंने राज्य के पिछड़ेपन का जिम्मेदार यहां की अस्थिर सरकारों को बताया। कहा, विकास के लिए सरकार में इच्छाशक्ति होनी चाहिए।
------------
मोदी के सपनों का झारखंड बनाएं : अमित शाह
लोहरदगा जिले में राजग प्रत्याशी कमल किशोर भगत का समर्थन करने पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी झारखंड में स्थिर सरकार की जरूरत बताई। कहा, राज्य की जनता से मुकम्मल फैसला देने की अपील की है। भाजपा की सरकार ही झारखंड की तकदीर बदल सकती है।
भाजपा-आजसू गठबंधन को वोट देने की अपील करते हुए शाह ने कहा, पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का झारखंड बनाने में मदद करें। राज्य के पिछड़ेपन का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा, झामुमो के साथ मिलकर प्रदेश को पीछे धकेल दिया गया। अब मोदी के नेतृत्व में राज्य को विकास के पथ पर लाएंगे। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष की चुटकी ली। कहा, जब मैंने सुना कि झारखंड में चुनाव प्रचार को राहुल गांधी आने वाले हैं तो मेरी सारी चिंताएं दूर हो गई। वे जहां चुनाव प्रचार को जाते हैं, कांग्रेस का सफाया हो जाता है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तंज कसते हुए कहा, पहले हमारे प्रधानमंत्री विदेश जाते थे तो कोई पूछता नहीं था। आज दुनिया मोदी के आगे पलकें बिछाए बैठी है। यह देश की जनता का सम्मान है।