यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुंबई: विदेशी महिला से छेड़छाड़ का आरोपी उबर कैब का चालक गिरफ्तार
मुंबई में एक विदेशी महिला ने उबर कैब चालक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई, (मिड डे)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को महिलाओं के लिए सुरक्षित माना जाता है। लेकिन यहां एक विदेशी महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
32 साल की इटालियन महिला 6 महीने पहले ही मुंबई आई थी। इसाबेला (बदला हुआ नाम) को मुंबई शुरू से ही पसंद था। लेकिन, उसे अभी तक रास्तों का ठीक से पता नहीं था। इसी हफ्ते बुधवार को रात करीब 11 बजे उसे पाली हिल से सात बंगलो जाना था। इसके लिए ही उसने उबर बुक की थी। थोड़ी देर बाद वहां एक उबर कैब आकर रुकी। इसाबेला के मुताबिक, सुनसान जगह देखकर कैब का ड्राइवर उसके साथ छेड़खानी करने लगा।
इस बात का खुलासा पीड़िता की एक दोस्त ने फेसबुक के जरिए गुरुवार को किया है। पीड़िता की दोस्त ने खार पुलिस थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज करानी चाही, लेकिन उसे सांताक्रूज पुलिस थाने भेज दिया गया, जहां ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई और फिर उसे सिर्फ 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान शहबाज अब्दुल सत्तार शेखानी के रूप में हुई है। आरोपी शेखानी ने पुलिस को बताया “मैं इसाबेला को देखने के बाद अपने ऊपर काबू नहीं कर पाया। विदेशी होने के नाते मुझे पता था कि उसे मुंबई के बारे में नहीं पता है।"
वहीं मामले का खुलासा होते ही उबर ने उस ड्राइवर को तुरंत ही सस्पेंड कर दिया है।
