Move to Jagran APP

मानसून की बेरुखी से घटा बुवाई रकबा

मानसून की बेरुखी के चलते खरीफ फसलों की खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। चालू सीजन में बुवाई रकबा

By Edited By: Published: Sun, 10 Aug 2014 09:48 AM (IST)Updated: Sun, 10 Aug 2014 10:12 AM (IST)

नई दिल्ली, [सुरेंद्र प्रसाद सिंह]। मानसून की बेरुखी के चलते खरीफ फसलों की खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। चालू सीजन में बुवाई रकबा 80 लाख हेक्टेयर तक घट गया है। खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान के साथ ही दलहन और मोटे अनाज की खेती भी बहुत कम हो गई है। इससे पैदावार में कमी आने की आशंका है।

loksabha election banner

मानसून इस बार शुरुआती दौर में बहुत कमजोर रहा। जून में बारिश नहीं के बराबर हुई है, जिससे धान उत्पादक राज्यों में रोपाई रुक गई। असिंचित क्षेत्रों में दलहन और मोटे अनाज की बुवाई भी शुरू नहीं हो सकी। राष्ट्रीय स्तर पर बारिश में भले ही सिर्फ 17 फीसद की कमी बताई जा रही हो, लेकिन वास्तविक खाद्यान्न उत्पादक राज्यों में मानसून सक्रिय ही नहीं हुआ है। छह अगस्त तक हुई बारिश के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 फीसद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 43 फीसद कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में सिंचाई के साधन कम होने से सूखे का असर ज्यादा हुआ है। बिहार में 28 फीसद कम बारिश हुई है। पंजाब में 59 फीसद और हरियाणा में 54 फीसद कम बरसात हुई है। लेकिन उत्तरी क्षेत्र के इन राज्यों में सिंचाई के साधन होने की वजह से खेती पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ेगा। वहीं जो राज्य पूरी तरह मानसून पर निर्भर हैं, वहां खरीफ की बुवाई नहीं हो पाई है।

कृषि मंत्रलय के मौसम आधारित आंकड़ों के मुताबिक पिछले खरीफ सीजन में आठ अगस्त तक फसलों की बुवाई का आंकड़ा 8.81 करोड़ हेक्टेयर पहुंच गया था, जो चालू सीजन में केवल 8.03 करोड़ हेक्टेयर पर सिमट गया है। खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई लगभग छह लाख हेक्टेयर पीछे है। जबकि दलहन की बुवाई 13 लाख हेक्टेयर पीछे है। मोटे अनाज की खेती सबसे ज्यादा 37 लाख हेक्टेयर पिछड़ी हुई है।

तिलहन की खेती 21 लाख हेक्टेयर से अधिक पीछे चल रही है। खरीफ सीजन की खेती के देर से चलने की वजह मानसून की धीमी गति को बताया जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजरे की खेती का रकबा तेजी से बढ़ सकता है। इससे उत्पादन में गिरावट की आशंका कम हो जाएगी।

पढ़ें: मानसून के रिमझिम में क्लिक करें दिल्ली के खूबसूरत स्पॉट


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.