यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी राजनीति से उबरे नहीं: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अभी भी ओछी राजनीति से उबर नहीं ...और पढ़ें

नई दिल्ली। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अभी भी ओछी राजनीति से उबर नहीं पाए हैं। पार्टी ने उन पर आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में संकट का सामना कर रहे देश के जख्मों पर मोदी मरहम लगाने का काम नहीं कर पाए हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने मोदी के निकिता खुर्शचेव के उल्लेख को बहुत ही अमंगलकारी बताया है। उन्होंने कहा कि विरोध करने का अधिकार संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री का जवाब दुखद और निराशाजनक था। उन्होंने राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के उठाए मुद्दों का जवाब नहीं दिया। यहां तक कि उन्होंने सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में विफलताओं और उन चुनौतियों का सामना करने की योजनाओं पर भी एक शब्द नहीं कहा। अपने अलग अंदाज में उन्होंने अपने दावों की भ्रामक तस्वीर खींची और विपक्षियों का मजाक बनाया।
पढ़ें: संसद में पीएम मोदी ने विपक्ष को सूद समेत वापस लौटाया
शर्मा ने कहा कि मोदी ने सुविधानुसार अपने भाषण में नेहरु का जिक्र किया लेकिन सदन को यह बताना भूल गए कि यूपीए के कार्यकाल में संसद के 900 घंटों में से भाजपा ने 500 घंटे कामकाज बाधित रखा था। उन्होंने खुर्शचेव की कहानी को भी तोड़-मरोड़ कर बताया। असल में रूसी नेता से सवाल पूछने वाला व्यक्ति कभी खड़ा हुआ ही नहीं था।
उन्होंने कहा कि सरकार की सोच कैसी है यह इसी बात से पता चलता है कि राहुल गांधी और सीताराम येचुरी जैसे नेताओं पर देशद्रोह के मामले दर्ज किए गए हैं। मोदी औरों से परिपक्व होने को कह रहे हैं लेकिन अगर वह गांधी और नेहरु को और पढ़ेंगे तो उनमें राजनीतिक परिपक्वता आएगी।
