यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नमो ने दिया नया नारा, 'वोट फॉर इंडिया'
मुंबई [आशुतोष झा]। हर रैली में केंद्र सरकार और कांग्रेस को तीखे शब्दबाणों से बींधने वाले भाजपा के पीएम प्रत्याशी ...और पढ़ें

मुंबई [आशुतोष झा]। हर रैली में केंद्र सरकार और कांग्रेस को तीखे शब्दबाणों से बींधने वाले भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने मुंबई की महागर्जना रैली में भी चिढ़ाने का कोई मौका नहीं छोड़ा। पीएम उम्मीदवार घोषित होने के बाद करीब एक दर्जन रैली कर चुके मोदी ने चेताने के अंदाज में कहा, 'कांग्रेसी मित्रों, चाहे जितना रोक लो, टीवी के जरिये भी घरों में पहुंचने से रोक लो, मोदी जनता के दिलों में जगह बना चुका है।'
पूरे भाषण के दौरान उन्होंने सिर्फ कांग्रेस को अपने निशाने पर रखा। आक्रामक भाषण के अंत में उन्होंने 'वोट फॉर इंडिया' का नया नारा भी दिया। गौरतलब है कि 'वोट फॉर गुजरात' के नारे का जलवा पूरा देश देख चुका है। मोदी की रैली से अमेरिका के राजनयिक तो नदारद रहे, लेकिन जापान, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के राजनयिकों ने इसमें शिरकत की।
रविवार को मुबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लैक्स में भाजपा ने अपनी ताकत दिखाई। यह क्षेत्र मुंबई में आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। यह क्षेत्र राजग सहयोगी शिवसेना का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र में भाजपा की अकेलेदम महागर्जना रैली इस लिहाजा से भी अहम मानी जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जरूर बालासाहेब ठाकरे का जिक्र किया, लेकिन मोदी के मंच से यह संदेश भी केवल मराठी हिंदुत्व को जोड़ने की कोशिश थी।
इस मैदान की अब तक की सबसे बड़ी रैली से मोदी ने केवल कांग्रेस पर ही निशाना साधा। राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस के शासन में होता है कि सरकार भ्रष्टाचार करती है और उनका नेता इसके खिलाफ उपदेश देता है। वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा के सभी सांसदों ने लिखकर दिया है कि उनका विदेश में कोई खाता नहीं है। कांग्रेस सांसदों ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन नेता हैं कि गरीबों की बात करते हैं। फिर बड़ी संख्या में आए चायवालों का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नही जब देश में हर गरीब वीआइपी होगा।
मोदी मुस्लिमों को भी आगाह करने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुस्लिमबहुल 90 जिलों के लिए बजट घोषित किया था, लेकिन संसद में खुद सरकार ने माना है कि पिछले तीन वर्ष में इस मद से एक पैसा खर्च नहीं किया गया है।
जबरदस्त भीड़ से उत्साहित मोदी ने कहा कि उन्हें कांग्रेसशासित राज्यों में रैली से पहले केबल प्रसारण बंद किया जाने की जानकारी है, लेकिन जनता के दिलों पर कोई ताला नहीं लगा सकता। 'मोदी दिलों में जगह बना चुका है।' उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में विकास और सब के लिए सम्मान का दावा किया। भाषण का समापन करते हुए उन्होंने भाजपा के लिए नहीं, बल्कि भारत के लिए वोट मांगा। जनता से संकल्प लिया कि भारत की एकता, विकास, महंगाई व भ्रष्टाचार से मुिक्त, नारियों के लिए सम्मान, वंशवाद से मुक्ति और सुराज की राजनीति जैसे हर मुकाम को हासिल करने के लिए इंडिया के लिए वोट करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
