सर्जिकल स्ट्राइक से जुड़े सैन्य अफसर शौर्य चक्र से सम्मानित
भारतीय सेना ने पिछले साल सितंबर में सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पिछले साल नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले सैन्य अधिकारियों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को शौर्य चक्र से सम्मानित किया। उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन ईके को भी शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया। जनवरी, 2016 में पठानकोट में आतंकियों के शवों से आइईडी निकालने के दौरान हुए विस्फोट में लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन की मौत हो गई थी।
भारतीय सेना ने पिछले साल सितंबर में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इसमें भाग लेने वाले मेजर रजत चंद्र ने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान दो आतंकियों जबकि कैप्टन आशुतोष कुमार ने चार आतंकियों को मार गिराया था। रजत और आशुतोष 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज में अधिकारी हैं। सर्जिकल स्ट्राइक में अपनी भूमिकाएं निभाने के लिए मेजर दीपक उपाध्याय और पैराट्रूपर अब्दुल कयूम को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। दोनों ही 9 पैरा स्पेशल फोर्सेज में हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस में हेड कांस्टेबल रहे संजीवन सिंह, नायब सूबेदार केवी सुब्बा रेड्डी, नायक पांडुरंग गवांडे को मरणोपरांत शौर्य चक्र और गोरखा राइफल्स के लांस हवलदार प्रेम बहादुर रेशमी मगर को मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान किया गया।
यह भी पढ़ेंः तीस्ता जलसंधि पर अड़ी ममता, समझौते के आसार कम
यह भी पढ़ेंः शिवसेना सांसद गायकवाड़ ने सरकार को लिखी चिट्ठी, बैन हटाने की मांग की