यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रशीद मसूद भी भेजे गए जेल
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बाद सीबीआइ की विशेष अदालत ने मंगलवार को कांग्रेस सांसद रशीद मसूद (67) को ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बाद सीबीआइ की विशेष अदालत ने मंगलवार को कांग्रेस सांसद रशीद मसूद को जोर का झटका दिया। भ्रष्टाचार के मामले में अदालत ने रशीद और दो पूर्व सरकारी अधिकारियों को चार-चार साल की सजा सुनाई है। सजा के एलान के साथ ही रशीद व दोनों पूर्व अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया। सजायाफ्ता होने के साथ ही रशीद मसूद की राज्यसभा सदस्यता जानी तय है। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के अनुसार दो साल से ज्यादा की सजा का एलान होने के साथ ही जनप्रतिनिधि की संबंधित सदन से सदस्यता खत्म हो जाएगी। रशीद की सदस्यता खत्म होने की औपचारिक घोषणा राज्यसभा के सभापति कार्यालय से की जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री रहे रशीद मसूद को यह सजा 23 साल पहले त्रिपुरा के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटों पर गलत तरीके से छात्रों को प्रवेश दिलाने को लेकर मिली है। इस मामले में केंद्रीय मंत्री के रूप में रशीद ने गलत तरीके से सिफारिश की थी। यह मामला सन 1990 में वीपी सिंह की केंद्र की राष्ट्रीय मोर्चा सरकार के समय का है। रशीद को आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने और भ्रष्टाचार के आरोप में सजा हुई है। विशेष अदालत के न्यायाधीश जेपीएस मलिक ने रशीद पर 60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने मामले में पूर्व आइपीएस अधिकारी गुरदयाल सिंह और अवकाश प्राप्त आइएएस अधिकारी अमल कुमार रॉय के लिए चार-चार साल की सजा का एलान किया है। रॉय भ्रष्टाचार के समय त्रिपुरा के मुख्यमंत्री सुधीर रंजन मजूमदार के सचिव थे। गुरदयाल पर डेढ़ लाख रुपये और रॉय पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामले में त्रिपुरा के तत्कालीन मुख्यमंत्री सुधीर रंजन मजूमदार और वहां के स्वास्थ्य मंत्री काशीराम रेयांग भी आरोपी थे लेकिन सुनवाई के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मेडिकल कॉलेज में गलत जानकारी देकर प्रवेश दिलाने के दो और मामले अभी रशीद मसूद के खिलाफ चल रहे हैं। उनमें फैसला आना बाकी है।
लाभार्थी नौ छात्रों को एक-एक साल की सजा
विशेष अदालत ने धोखाधड़ी करके मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का लाभ पाने वाले नौ छात्रों को भी एक-एक साल की सजा सुनाई है। इन सभी को 40-40 हजार रुपये का जुर्माना भी देना होगा। तीन साल से कम सजा मिलने के चलते सभी नौ को अदालत ने जमानत दे दी। दो आरोपी प्रवेश के समय नाबालिग थे। इनमें से एक रशीद मसूद का भतीजा है। इनके मामले 25 जनवरी, 2007 को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड को स्थानांतरित कर दिए गए थे।
सजा सुनते ही सिर पकड़ बैठ गए रशीद
सजा सुनाए जाने से पहले ही राज्यसभा सदस्य रशीद मसूद के चेहरे पर जेल जाने का भय और मायूसी के मिश्रित भाव साफ नजर आ रहे थे। कमजोरी के चलते खड़े न होने के कारण परिजनों ने उन्हें सहारा देकर कुर्सी पर बैठाया। तीसहजारी कोर्ट में न्यायाधीश जेपीएस मलिक ने दोपहर ढाई बजे फैसला सुनाया तो वह कुर्सी से खड़े हो गए लेकिन फिर अपना सिर पकड़ कर बैठ गए। उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें संभाला। जब उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया तो उनका पूरा शरीर पसीना-पसीना हो गया। पुलिसकर्मी उन्हें सहारा देकर जेल ले गए। बाद में उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में खुद को पूरी तरह से बेकसूर बताया।
'कानून बनाने वाले ने कानून तोड़ने का काम किया। जिन पर कानून की रक्षा करने का दायित्व था, वे ही कानून के भक्षक बने।'
- वीएन ओझा, सीबीआइ के वकील
रशीद मसूद का सियासी सफर
-वर्ष 1974 में नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से पहला चुनाव लड़े और हार गए।
-वर्ष 1977 में जनता पार्टी से लोकसभा का चुनाव सहारनपुर सीट से जीते।
-वर्ष 1980 में लोकदल से सहारनपुर सीट से लोकसभा चुनाव जीते।
-वर्ष 1984 में लोकसभा का चुनाव भारतीय किसान कामगार पार्टी से चुनाव लड़े और हारे।
-वर्ष 1986 में राज्यसभा सदस्य लोकदल से बने।
-वर्ष 1989 में जनता दल से लोकसभा का चुनाव जीते और केंद्र सरकार में स्वास्थ्य राज्यमंत्री रहे।
-वर्ष 1991 में लोकसभा का फिर जनता दल से चुनाव जीते।
-वर्ष 1996 में लोकसभा का चुनाव सपा से लड़े और भाजपा के नकली सिंह से हारे।
-वर्ष 1997 में लोकसभा का चुनाव सपा से हारे।
-वर्ष 1999 में लोकसभा का चुनाव राष्ट्रीय लोकदल से लड़े और हारे।
-वर्ष 2004 में लोकसभा का चुनाव सपा से लड़े और जीते।
-वर्ष 2009 में लोकसभा का चुनाव सपा से लड़े और हारे।
-वर्ष 2010 में कांग्रेस ने राज्यसभा में भेजा और साल भर में ही एपीडा का चेयरमैन बना दिया।
संक्षिप्त परिचय
नाम : काजी रशीद मसूद
पिता का नाम : स्व. काजी मसूद।
जन्म तिथि : 15 अगस्त 1947
शिक्षा : एमएम एलएलएम
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
