यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलर्ट मोड पर मंगलयान, प्रमुख सेंसर किए गए चालू
भारत का मंगलयान अब अपने लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने यान ...और पढ़ें

नई दिल्ली। भारत का मंगलयान अब अपने लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने यान को मंगल ग्रह के कक्ष में पहुंचाने के लिए अलर्ट मोड पर डाल दिया है।
इसरो ने यह जानकारी माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर दी। उन्होंने लिखा, 'मंगलयान के सभी प्रमुख सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम चालू कर दिए गए हैं।' इसके साथ ही 24 सितंबर को यान के अंतिम पड़ाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसरो अपनी योजना के तहत 22 सितंबर को इंजन का परीक्षण करेगा, जिसमें इसे करीब चार सेकंड तक चालू रखा जाएगा। यान जब मंगल की कक्षा में प्रवेश करेगा, तो उस समय वह इस ग्रह की छाया में होगा और उसे सूर्य की रोशनी नहीं मिल पाएगी। इस स्थिति में यान को बैटरी से मिलने वाली ऊर्जा के सहारे मंगल की कक्षा में प्रवेश करना होगा। फिलहाल इसरो के सामने सबसे बड़ी चुनौती इसके इंजन को चालू करने की है जो अभी स्लीप मोड में है। अगर मंगलयान मिशन कामयाब होता है, तो भारत अंतरिक्ष में अंतरराष्ट्रीय ताकतों के साथ दौड़ में अहम स्थान पर पहुंच जाएगा।
एप के जरिए मंगलयान के साथ ले सेल्फी भारत के इस ऐतिहासिक मिशन की जानकारी अब एप के जरिए भी मिल सकती है। हैदराबाद की एक कंपनी स्मार्टर ने मिशन को लेकर लोगों में जागरुकता बढ़ाने के लिए एप बनाया है। कंपनी के संस्थापक नीरज जेवालकर का कहना है कि मोबाइल और उससे जुड़े एप युवाओं का ध्यान जल्दी आकर्षित करते हैं। यही वजह है कि एक हफ्ते में ही 1200 लोग इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं। यान से जुड़ी जानकारी के अलावा यूजर्स इस एप के जरिए आप मंगलयान के साथ सेल्फी भी खींच सकते हैं।
