Move to Jagran APP

हरियाणा: ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा पंचकूला

हरियाणा की मिनी राजधानी के रूप में विकसित पंचकूला के लिए 26 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होगा। भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला में होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। हरियाणा के नये मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पंचकूला में शपथ लेंगे। ऐसा पहली बार होने जा र

By manoj yadavEdited By: Published: Wed, 22 Oct 2014 09:48 AM (IST)Updated: Wed, 22 Oct 2014 09:56 AM (IST)
हरियाणा: ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा पंचकूला

पंचकूला [राजेश मलकानियां]। हरियाणा की मिनी राजधानी के रूप में विकसित पंचकूला के लिए 26 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होगा। भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला में होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। हरियाणा के नये मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पंचकूला में शपथ लेंगे। ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब प्रदेश का मुखिया पंचकूला में शपथ लेगा।

loksabha election banner

सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा, जहां पर सुबह 11 बजे राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी हरियाणा के नये मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे। इस दौरान कुछ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। साथ ही कुछ राच्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री एवं अन्य मेहमान हिस्सा ले सकते हैं।

पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्टेडियम, जिसमें 26 अक्टूबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

हजारों के लिए इंतजाम

सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम को सजाने की तैयारियां शुरू कर दी गई है। समारोह में प्रदेश भर से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। स्टेडियम के गेटों को फूलों से सजाया जाएगा। मेहमानों के बैठने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। जलपान का भी विशेष प्रबंध किया जाएगा। स्टेडियम की साफ सफाई शुरू कर दी गई। शपथ ग्रहण समारोह के लिए पुलिस विभाग, गुप्तचर एवं अन्य एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।

राजधानी के रूप में विकसित

पंचकूला लगातार राजधानी के रूप में विकसित हो रहा है। जहां पर अनेक राष्ट्री स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। पंचकूला में लगभग दो वर्ष पूर्व कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आ चुके हैं। राजनीतिक पार्टियों के सम्मेलनों का आयोजन भी पंचकूला में होता रहता है। पंचकूला में प्रदेश सरकार के कार्यालय भी स्थापित हो चुके हैं।

ज्ञानचंद भी बन सकते हैं मंत्री

हरियाणा में 26 अक्टूबर को बनने वाली भाजपा सरकार में जिला पंचकूला को भी तोहफा मिल सकता है। पंचकूला से नवनिर्वाचित विधायक ज्ञान चंद गुप्ता को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। ज्ञान चंद गुप्ता चंडीगढ़ के मेयर रह चुके हैं और जब नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ में भाजपा के प्रभारी थे तब गुप्ता के मोदी से अच्छे संबंध थे। नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भी ज्ञान चंद गुप्ता को न्यौता मिला था। गुप्ता हरियाणा भाजपा के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और भाजपा के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन लगा दिया है। कालका की भाजपा विधायक लतिका शर्मा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की सुगबुगाहट है।

पंचकूला से भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण ढुल ने कहा कि पंचकूला से यदि गुप्ता को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है, तो इससे पंचकूला के विकास में तेजी आएगी। साथ ही पंचकूला को अब तक सरकार में जो भागीदारी नहीं मिली, उसकी कमी भी पूरी हो जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद सिंगला ने कहा कि गुप्ता को मंत्री बनाया जाना चाहिए। नरेंद्र मोदी आर्मी के उपप्रधान राजकुमार शर्मा ने कहा कि ज्ञान चंद गुप्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें सरकार में भागीदारी मिलनी चाहिए।

मोदी के लिए नया नहीं पंचकूला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए पंचकूला कोई नया शहर नहीं है। नरेंद्र मोदी पंचकूला में काफी समय रह चुके हैं और यहां के सेक्टरों एवं लोगों से विशेष तौर पर वह परिचित हैं। सेक्टर 7 में मोदी किराये के मकान में रह चुके हैं।

पढ़ें: खट्टर की ताजपोशी में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज

पढ़ें: हरियाणा में देवीलाल, बंसीलाल, भजनलाल के बाद अब मनोहर लाल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.