कलराज मिश्र ने भी कहा, मनमोहन सिंह ने दिया था 'अच्छे दिन' का नारा
केंद्रीय नितिन गडकरी के बाद अब कलराज मिश्र ने भी कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 'अच्छे दिन' का नारा दिया था।
भोपाल, (प्रेट्र)। केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने अपने सहयोगी नितिन गडकरी के साथ सुर मिलाया है। मिश्र ने बुधवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 'अच्छे दिन' का नारा दिया था। एक दिन पहले गडकरी ने यही कहा था और यह भी कहा था कि यह नारा अब हमारे गले की हड्डी बन गया है।
मिश्र ने कहा कि यह सच है कि मनमोहन सिंह ने कहा था, अच्छे दिन आएंगे। इसी पर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जब हम आएंगे तब अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास है और आश्वस्त हैं कि अच्छे दिन आएंगे। मिश्र ने कहा कि गडकरी के कहने का भी यही मतलब था। उनसे गडकरी के बयान पर प्रतिक्रिया पूछी गई थी। मिश्र ने कहा कि राजग सरकार अच्छे दिन लाने के लिए काम कर रही है। देश में नकारात्मकता के युग का अंत और सकारात्मकता का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
केवल वोट के लिए दिया नारा : कांग्रेस
कांग्रेस ने गडकरी के अच्छे दिन के बयान पर चुटकी ली है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि भाजपा ने केवल वोट पाने के लिए अच्छे दिन का नारा दिया। वह इसे कभी पूरा नहीं करेगी। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गडकरी ने सार्वजनिक तौर पर स्वीकारा है कि भाजपा शासन में अच्छे दिन कभी नहीं आएंगे।