'बचेंगे नहीं बंगाल चुनाव लूटने की पटकथा लिखने वाले', CEC ज्ञानेश कुमार पर बरसीं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बंगाल चुनाव में वोट चोरी और धांधली का आरोप लगाया।

ममता बनर्जी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
HighLights
ममता बनर्जी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए।
बंगाल चुनाव में वोट चोरी और एसआईआर धांधली का दावा किया।
आईएनडीआईए गठबंधन की एकजुटता और बड़े बदलाव का संकेत दिया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विपक्षी आईएनडीआईए गठबंधन नेताओं की बैठक में एसआईआर तथा वोट चोरी के खिलाफ एकजुट लड़ाई की प्रतिबद्धता से उत्साहित तृणमूल कांग्रेस ममता गुट की प्रमुख ममता बनर्जी ने बंगाल चुनाव में बड़ी पराजय के बाद राजधानी में गुरूवार को पहली प्रेस कॉन्फ्रेंसमें एसआईआर को गैरकानूनी बताते हुए सीईसी पर प्रहार किया।
टीएमसी के दोनों सदनों के 11 सांसदों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदगी के बीच ममता ने कहा कि सितंबर 2025 में बंगाल में एसआईआर शुरू होते ही आयोग को गड़बड़ियों के हमने सबूत दिए गए पर शिकायत सुनने की बजाय ज्ञानेश कुमार ने हमारे नेताओं को अपमानित किया।
शीर्ष न्यायपालिका से इस मामले में न्याय नहीं मिल पाने की बात उठाते हुए कहा कि चुनाव दो आयुक्तों के खुलासे ने वोट चोरी की असलियत सामने ला दी है। संसद से 2023 में चुनाव आयुक्तों को कानूनी कार्रवाई से बचाने के बनाए कानून पर सवाल उठाते हुए कहा कि 147 विपक्षी सांसदों को निलंबित कर पारित हुआ यह कानून अवैध है और हम इसकी वैधता को चुनौती देंगे।
ममता और अभिषेक ने कोलकाता, नदिया, हावड़ा, उत्तरी चौबीस परगना, उत्तरी दिनाजपुर, पूर्वी तथा पश्चिमी वर्द्धमान, हुगली, पश्चिमी मेदनीपुर आदि जिले में एसआईआर में काटे और तार्किक विसंगति में डाले गए वोटों का आंकड़ा मीडिया को देते हुए दावा किया कि इन जिलों में एसआईआर के चलते वोट देने से वंचित वोटरों की संख्या तृणमूल के पिछले चुनाव में जीत के अंतर से दोगुनी है।
अभिषेक ने कहा कि भाजपा ने बंगाल में 208 सीटें जीती हैं जिसमें 150 सीटों पर एसआईआर के इस अंतर के कारण जीत हुई और हकीकत में भाजपा केवल 58 सीटों पर जीती है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि इतिहास में किसी सीईसी ने लोकतंत्र से ऐसा धोखा नहीं किया जैसा ज्ञानेश कुमार ने किया है और इसलिए उन्हें जाना ही पड़ेगा।
उन्होंने अगले कुछ महीनों में देश में बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत देते हुए दावा किया कि तूफान आ रहा है और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वाले बचेंगे नहीं।
बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ खुद के उत्पीड़न की बात उठाते हुए ममता ने कहा कि उनको घर से नहीं निकलने दिया जा रहा। उनके सांसदों, नेताओं, कार्यकर्ताओं पर पुलिस के संरक्षण में हमले और मुकदमे किए जा रहे हैं।
आईएनडीआईए गठबंधन के सहयोगी अखिलेश यादव उत्तरप्रदेश और अरविंद केजरीवाल पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए बुलाते हैं तो क्या जाएंगी इस सवाल पर दीदी ने कहा कि दोनों उनके प्रचार के लिए आए थे और यदि वे बुलाते हैं तो वह जरूर जाएंगी।
