केरलम में डबल मर्डर: पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी और सास की हत्या, पुलिस हिरासत में आरोपी
केरलम के इडुक्की में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पारिवारिक विवाद के चलते डबल मर्डर
HighLights
पति ने इडुक्की में पत्नी और सास की हत्या की।
पारिवारिक विवाद के चलते हुई यह खूनी वारदात।
आरोपी प्रिंस को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लिया।
डिजिटल डेस्क, तिरुवंतपुरम। केरलम के इडुक्की में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी और ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात हुई इस घटना के तुरंत बाद आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है।
पारिवारिक विवाद के बाद की हत्या
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी प्रिंस की अपनी पत्नी प्रियंका के साथ बहस हो गई थी। इसके बाद उसने एक हथियार से प्रियंका और उसकी मां पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने की कोशिश में प्रियंका के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रियंका हाल ही में खाड़ी देशों से केरलम लौटी थी और उसके लौटने के बाद से ही दंपति के बीच घरेलू विवाद चल रहे थे।
पत्नी, सास-ससुर पर हत्या की नीयत से हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी और सास-ससुर से रंजिश रखता था। उसने पिछली रात उनके घर के सामने उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया। मृतकों की पहचान प्रिंस की पत्नी प्रियंका और उसकी मां नेसम्मा के रूप में हुई है। प्रियंका के पिता इस्रावेल गंभीर रूप से घायल है और कोट्टायम के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार बुधवार रात हुई इस घटना के तुरंत बाद प्रिंस को हिरासत में लिया गया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को औपचारिक रूप से दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
सोर्स-न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
यह भी पढ़ें- केरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, कई ट्रेनें रद
