विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संघ ने कहा, देश हित में नहीं मोदी पर जदयू का रवैया

By Edited By:
Published: Sat, 15 Jun 2013 08:32 PM (IST)Updated: Sat, 15 Jun 2013 08:35 PM (IST)

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी के मुद्दे पर जदयू से भाजपा की दोस्ती खत्म होते देख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी के मुद्दे पर जदयू से भाजपा की दोस्ती खत्म होते देख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पूरे हालात को स्पष्ट करने की कोशिश की है। उसने सफाई दी है कि चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनने से मोदी कोई पीएम पद के उम्मीदवार नहीं घोषित हो गए हैं। संघ का कहना है कि गुजरात के मुख्यमंत्री को लेकर जदयू जिस तरीके से भाजपा पर धौंस जमा रहा है, वह देश हित में नहीं है।

संघ ने ये बातें अपने मुखपत्र 'आब्जर्वर' के ताजा अंक के जरिये सार्वजनिक की है। इसके संपादकीय में कहा गया है, 'भाजपा ने मोदी को केवल अभियान समिति का प्रमुख बनाया है। निश्चित तौर पर पीएम का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इस बात पर जदयू का मौजूदा रवैया देश हित में नहीं है।' संघ ने कांग्रेस नेतृत्व वाले संप्रग को सत्ता से बाहर करने के लिए राजग में एकता कायम रखने पर जोर दिया है। उसने जदयू से राजग में बरकरार रहने का आग्रह किया है। सफाई देने के लहजे में आरएसएस का कहना है, 'चुनावों की घोषणा अब तक नहीं हुई है। लिहाजा अभी पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने का सवाल ही नहीं उठता। इस बात को तय करने के लिए काफी समय पड़ा है। उचित समय पर सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा।' हालांकि संपादकीय में नमो का खूब गुणगान भी किया गया है। कहा गया है कि हाल-फिलहाल के सभी ओपिनियन पोल में मोदी पीएम पद के अन्य दावेदारों राहुल गांधी और मनमोहन सिंह से कोसों आगे दिखे। संपादकीय में मौजूदा राजनीतिक स्थिति की तुलना अटल बिहारी वाजपेयी के जमाने की लोकप्रियता से की गई है। जदयू को जमीनी हकीकत समझाते हुए संघ ने कहा है कि जिस तरह अटल के नेतृत्व में राजग को फायदा हुआ था, वैसा ही कुछ मोदी की अगुवाई में चुनावी लाभ हासिल हो सकता है। लिहाजा जदयू के लिए यही बेहतर है कि वह संप्रग को हराने के लिए राजग में बना रहे। साथ ही चेताया भी है कि जो कोई भी गैरजरूरी मसलों को लेकर गठबंधन को कमजोर करने की कोशिश करेगा, उसे जनता की अदालत में जवाब देना होगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर