फर्ज के लिए विदेश यात्रा और मौज के लिए गायब होने में फर्क: जेटली
सरकार और प्रधानमंत्री पर कुछ दिनों से लगातार तीखी टिप्पणी कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को वित्तमंत्री अरुण जेटली ने हकीकत से वाकिफ कराते हुए आईना दिखाया है। लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा के दौरान ही उन्होंने राहुल की दो माह की अज्ञात गैर मौजूदगी पर तंज कसते
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकार और प्रधानमंत्री पर कुछ दिनों से लगातार तीखी टिप्पणी कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को वित्तमंत्री अरुण जेटली ने हकीकत से वाकिफ कराते हुए आईना दिखाया है। लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा के दौरान ही उन्होंने राहुल की दो माह की अज्ञात गैर मौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा, 'हमें यह तो पता होता है कि प्रधानमंत्री कहां हैं..। राष्ट्रीय कर्तव्यों के निर्वाह के लिए विदेश जाना और मौजमस्ती के लिए गायब होने में फर्क होता है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ही गुरुवार को लोकसभा में अरुण जेटली ने राहुल पर सीधा निशाना साधा। विषय तो वित्त विधेयक का था लेकिन लोकसभा में कुछ देर के लिए पूरी चर्चा राजनीतिक हो गई। गौरतलब है कि दो दिन पहले राहुल ने मोदी की विदेश यात्रा पर चुटकी ली थी और कहा था कि वह भारत का टूर पर आए हैं..। जेटली ने इस पर आपत्ति जताते हुए करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा- 'हमें पता तो होता है कि वह कहां हैं।' ध्यान रहे कि 56 दिन तक राहुल विदेश में थे और कांग्रेस के लोगों को यह पता नहीं था कि वह हैं कहां। रोज नए-नए कयास लगते रहे थे।
दस महीनों में विश्व में भारत का कद बढ़ा
जेटली ने कहा कि इससे कोई इन्कार नहीं सकता है कि पिछले दस महीनों में अंतररराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद बढ़ा है। आपदा प्रबंधन जैसे मामलों में दुनिया भारत की ओर से देखती है। क्या यह कम बड़ी उपलब्धि है।
जेटली ने फिर से राहुल पर चुटकी लेते हुए कहा कि राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने के लिए विदेश दौरे और मौज-मस्ती के लिए यात्रा में फर्क होता है।
राजनीति के लिए किसानों का अहित न करे कांग्रेस
वहीं भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रही कांग्रेस को यह भी याद दिला दिया कि राजनीति की खातिर वह किसानों का अहित कर रही है। भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर जेटली ने कांग्रेस को चुनौती दी कि उनके काल में आए कानून से विकास नहीं हो सकता था।
संप्रग काल के विधेयक के अनुसार तो सिंचाई के लिए भी इंतजाम नहीं किए जा सकते थे। सामने बैठे कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कुछ देर के लिए जेटली की इस सीधी चुनौती का जवाब देने में असमर्थ थे।