यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाबा विश्वनाथ मंदिर में अनियमितता और भ्रष्टाचार
काशी विश्वनाथ मंदिर के निलंबित लिपिक की पत्रावली गायब हो गई है। इस लिपिक के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, आय से ...और पढ़ें

लखनऊ। काशी विश्वनाथ मंदिर के निलंबित लिपिक की पत्रावली गायब हो गई है। इस लिपिक के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार की शासन स्तर पर जांच चल रही थी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सीपीएन उपाध्याय ने लिपिक को निलंबित कर उसे अपर आयुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
पिछले दिनों न्यास की बैठक में भू-भवन खरीद के लंबित मामलों की समीक्षा के बाद मुख्य कार्यपालक ने इसके कारणों की तहकीकात शुरू की। इसमें संबंधित पटल लिपिक की हीलाहवाली उजागर हुई। उसके खिलाफ शासन से जांच का मामला भी सामने आया। पत्रावली तलाशने पर कुछ हाथ नहीं लगा। इस मुख्य कार्य पालक अधिकारी ने शासन की संस्तुति पर लिपिक को निलंबित कर दिया।
कई मामलों में वित्तीय गड़बड़
मालूम हो कि रानी भवानी परिसर में बाद में पूर्वी दिशा में दीवार बनाई गई थी जिसके भुगतान में वित्तीय अनियमितता पाई गई थी। तारकेश्वर मंदिर निर्माण के दौरान पुराने भवन से निकली सामग्रियों की नीलामी भी वैल्यूएशन के आधार पर नहीं किए जाने का मामला सामने आया था। इसमें संबंधित लिपिक की संलिप्तता पाई गई थी। मुख्य कार्य पालक अधिकारी सीपीएन उपाध्याय ने बताया कि मंदिर के खाते में 60 करोड़ रुपये हैं। इससे मुख्यतया कई भवनों की खरीद की जानी है, लिपिक फाइलें दबाकर मामला लंबित कर रहा था।
कर्मचारियों के नियुक्ति रिकार्ड भी गुम
काशी विश्वनाथ मंदिर में लंबे समय से चल रहे गोलमाल की परतें उधड़ने लगी हैं। भ्रष्टाचार का एक मामला खुलने के बाद अब बड़ा खुलासा यह कि मंदिर में वषरें से तैनात कई कर्मचारियों व पुजारियों की नियुक्ति के रिकार्ड ही गायब हैं। एक दिन पहले ही निलंबित लिपिक के खिलाफ जांच की पत्रावली खोजे जाने के दौरान इसका पता चला। इससे नियुक्तियों में गोलमाल की संभावना भी जताई जा रही है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने रिकार्ड तत्काल ढूंढ़ कर प्रस्तुत करने का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी को निर्देश दिया है। मंदिर में 21 पुजारी, छह लिपिक, 19 सेवादार, दो भंडारी, एक परिचारक, एक ड्राइवर, दो बिजली मिस्त्री व दो सीसीटीवी आपरेटर तैनात हैं।
