पांच माह से मासूम के साथ सामूहिक कुकर्म
स्वदेश कुमार, पूर्वी जिले के न्यू अशोक नगर इलाके में बाल यौन शोषण का संगीन मामला सामने आया है। यहां 12 साल के बच्चे के साथ पड़ोस में रहने वाले कई युवक पांच माह से कुकर्म कर रहे थे। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद शनिवार देर रात पास्को सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एफआइआर में तीन आरोपी नामजद हैं, लेकिन पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पूर्वी दिल्ली [स्वदेश कुमार]। पूर्वी जिले के न्यू अशोक नगर इलाके में बाल यौन शोषण का संगीन मामला सामने आया है। यहां 12 साल के बच्चे के साथ पड़ोस में रहने वाले कई युवक पांच माह से कुकर्म कर रहे थे। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद शनिवार देर रात पास्को सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एफआइआर में तीन आरोपी नामजद हैं, लेकिन पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित माता-पिता के साथ न्यू अशोक नगर में किराये के कमरे में रहता है। वह निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र है। माता-पिता छोटा-मोटा काम करते हैं। मकान में करीब 10 कमरे हैं, जिसमें लोग किराये पर रहते हैं। मासूम के साथ दरिंदगी की शुरुआत गर्मी की छुट्टियों में हुई थी। माता-पिता के काम पर चले जाने के बाद शुरुआत में आरोपी बहला-फुसलाकर छात्र के साथ कुकर्म करते थे, जिसने बाद में जोर-जबरदस्ती का रूप ले लिया। रात में छत पर सोते समय भी आरोपी उसके पास पहुंच जाते थे। आरोपियों ने उसे किसी को कुछ न बताने की धमकी दे रखी थी। इस वजह से पीड़ित डर गया था।
हालांकि, एक दिन पड़ोसी ने पीड़ित के पिता को इसकी जानकारी दी। पूछताछ करने पर बच्चे ने पिता को सारी बात बता दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्चे का लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में मेडिकल कराया। पुष्टि होने पर सतीश, मनीष, सुभाष, वीरेंद्र और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी उसी मकान में किराये पर रहते हैं और वे छोटा-मोटा काम करते हैं। उधर, पीड़ित परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।