यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आतंकियों की घुसपैठ के लिए पाक ने फिर की गोलीबारी
भारतीय क्षेत्र में आतंकियों के दल को घुसपैठ करवाने के लिए पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर पुंछ में साब्जियां सेक्टर की कोपरा पोस्ट पर गोलीबारी की।

जागरण संवाददाता, राजौरी। भारतीय क्षेत्र में आतंकियों के दल को घुसपैठ करवाने के लिए पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर पुंछ में साब्जियां सेक्टर की कोपरा पोस्ट पर गोलीबारी की। भारतीय सेना के मुंहतोड़ जवाब देने पर पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी बंद हो गई। वहीं, आतंकी अंधेरे का लाभ उठाकर वापस भागने में सफल रहे। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार रात 11 बजे आतंकियों के दल को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवाने के लिए गोलीबारी शुरू कर दी। आधे घंटे तक चली गोलीबारी में किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
दो पूर्व आतंकी सर्विस राइफल सहित गायब
भद्रवाह : जम्मू-कश्मीर के डोडा में एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) के रूप में भर्ती हुए दो पूर्व आतंकी अपनी सर्विस राइफलों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। इससे पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां सकते में हैं। एसपीओ गुलाम मुहम्मद मगानू लश्कर जबकि रियाज अहमद हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा था। दोनों ने कई साल पहले पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया था।
