तीन पाक विस्थापितों को मिली भारतीय नागरिकता
राजस्थान में रह रहे हैं तीस हजार पाकिस्तानी विस्थापित...
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में तीन पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दी गई है। जयपुर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन ने बुधवार को अपने कार्यालय में इन तीनों पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता के पत्र सौंपे। जिन पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता मिली है उनमें तेजवीर, संदेश और विनीता शामिल है। यह तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। इनमें एक महिला और दो पुरुष हैं। बताया जा रहा है कि देश में यह पहला अवसर है जब किसी जिला कलेक्टर ने अपनी शक्ति का उपयोग कर किसी पाक विस्थापित को भारतीय नागरिकता का अधिकार पत्र सौंपा है। पाक विस्थापितों को नागरिकता के अधिकार पत्र राज्य के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया के हाथों मिलने थे, लेकिन वह एक आवश्यक बैठक के कारण नहीं पहुंच सके। इस पर जिला कलेक्टर ने तीनों नागरिकों को अधिकार पत्र सौंपे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने देश के 40 जिला कलेक्टरों को वैध पाकिस्तानी विस्थापितों को भारतीय नागरिकता देने की शक्ति दे रखी है। इनमें राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर जिला कलेक्टर शामिल हैं। प्रदेश में करीब 30 हजार पाक विस्थापित रह रहे है। जयपुर में साढ़े छह हजार पंजीकृत हैं, जिनमें से 1550 को भारतीय नागरिकता का पात्र माना गया है। इसी के तहत पहले चरण में तीन पाक विस्थापितों को नागरिकता दी गई। जिला कलेक्टर का कहना है कि शीघ्र अन्य विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी। नागरिकता देने से पहले सभी तथ्यों और दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है।
भारतीय नागरिकता मिलने से उत्साहित तेजवीर ने 'दैनिक जागरण' से बातचीत में कहा कि मैं और मेरा पूरा परिवार भारतीय नागरिकता मिलने से काफी खुश हैं। अब हम यहां अधिकार से रह सकेंगे, नागारिकता देने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए तेजवीर ने कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने विस्थापितों से जो वादा किया था वह पूरा कर रहे हैं। तेजवीर ने कहा कि पाकिस्तान में हिंदू परिवार की स्थिति काफी दयनीय है।
यह भी पढ़ेंः जानिए, क्यों फिर से धधक उठा है पश्चिम बंगाल का 'गोरखा लैंड'