यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिनेमा के जरिए द्विपक्षीय रिश्ते मजबूत करेंगे भारत और यूक्रेन
सूचना और प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नाएडू और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत और यूक्रेन सिनेमा के माध्यम से द्विपक्षीय संबंध मजबूत बनाएंगे। दोनों देश एक दूसरे के यहां फिल्म समारोह के जरिए संबंध मजबूत करेंगे।
सूचना और प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नाएडू और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी। यूक्रेन की संसद के सदस्य इउरी आर्तेमेंको के नेतृत्व में इस दल ने नायडू से मुलाकात की। सूचना प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन राठौर और सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नायडू ने कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय दोनों देशों के लोक प्रसारकों के बीच कार्यक्रमों के आदान-प्रदान, कंटेंट निर्माण, स्क्रीनिंग और फिल्मों के वितरण के लिए हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में दिखायी जाने वाली फिल्मों के स्थानीय भाषाओं में सब टाइटल भी दिखाए जाएंगे।
नायडू ने यूक्रेन से आए प्रतिनिधिमंडल को मंत्रालय में हाल में स्थापित किए गए फिल्म फेसिलिटेशन ऑफिस के बारे में भी जानकारी दी। यह ऑफिस फिल्म निर्माताओं को जरूरी मंजूरी लेने और स्थानीय स्तर पर शूटिंग के लिए भारतीय फिल्म उद्योग के पास उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में सूचनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएगा।
आर्तेमेंको ने कहा कि यूक्रेन की सरकार यूके्रन में भारतीय फिल्म समारोह आयोजित करने का प्रयास कर रही है। इससे दोनों देशों के बीच सिनेमा के माध्यम से द्विपक्षीय संबंध बनेंगे।
यह भी पढ़ें: डीयू पर सोशल मीडिया में दंगल, रिजिजु बोले, छात्रा को कौन कर रहा है भ्रमित
