मोदी सरकार के तीसरे साल में बनेंगे और अहम कानून
मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक लेख लिखा है। लेख में सरकार की कार्य प्रणाली के रोडमैप और भविष्य की नीतियों का जिक्र है..
नई दिल्ली। राजग सरकार के दो साल पूरे होने पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक लेख लिखा है। लेख में उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार ने दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। किसी भी सरकार के लिए आम बात है कि कार्यकाल के मध्य में पहुंचने पर वह अपने रोडमैप और भविष्य को मजबूत करती है। अगले एक साल में नीति निर्धारण के लिए कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य और फैसले किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेज विकास करने का हमारा प्रयास होगा।
राजग सरकार का गठन एक विचित्र माहौल में हुआ। पूववर्ती संप्रग सरकार ने नीति निर्धारण छोड़ दिया था। इसे 'नीति के पक्षाघात' का समय कहा जाता था। घरेलू और विदेशी दोनों ही निवेशक भारत से मुंह मोड़ने लगे थे। भ्रष्टाचार और घोटालों से सरकार की साख को धक्का लगा था। 2014 लोकसभा चुनाव में मिले निर्णायक बहुमत ने नई सरकार के फैसले लेने के काम को आसान बनाया। प्रधानमंत्री फैसले लेने वाले हैं। अब शासन का चरित्र बदल चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी और उनकी टीम ने बदले हुए राजनीतिक और प्रशासनिक संस्कृति के साथ भारत को पेश किया है। यह भारत केंद्र में साफ-सुथरी सरकार वाला है जहां फाइलें अपने आप आगे बढ़ती हैं। बिचौलिये बेरोजगार हो गए हैं और विवेकाधीन निर्णय खत्म हो गए हैं। भारत लगातार दो साल से सबसे तेज विकास करने वाली वैश्विक अर्थव्यवस्था में बदल गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रामीण और सामाजिक क्षेत्र में निवेश पर जोर दिया गया है। 25 और क्षेत्रीय हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। रेलवे को मजबूत किया जा रहा है। जरूरत से ज्यादा बिजली उपलब्ध है। सभी गांवों में बिजली, ग्रामीण सड़कों का विस्तार, ग्रामीण स्वच्छता और सबको मकान के लिए फंड दिए जा रहे हैं।
रेल यात्रियों को उनकी डिमांड पर ट्रेनों में मिलेगा बर्थ आरक्षण
मेरी सरकार ने कांग्रेस मुक्त भारत का बीड़ा उठाया हैः पीएम मोदी