कानपुर में फर्जी पासपोर्ट व वीजा के साथ तीन गिरफ्तार
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने फर्जी पासपोर्ट और वीजा के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 पासपोर्ट और कुछ वीजा बरामद हुए हैं जिनमें कई फर्जी हैं। जीआरपी ने आज तड़के इस गिरोह की जानकारी मिलने पर गश्त तेज कर दी।
लखनऊ। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने फर्जी पासपोर्ट और वीजा के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 पासपोर्ट और कुछ वीजा बरामद हुए हैं जिनमें कई फर्जी हैं।
जीआरपी ने आज तड़के इस गिरोह की जानकारी मिलने पर गश्त तेज कर दी। जीआरपी इंस्पेक्टर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि गिरोह के लोग किसी युवक का इंतजार कर रहे थे। जिससे इनको फर्जी वीजा पर कंबोडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने थे। जीआरपी ने घेराबंदी करके अर्जुन चौहान, निवासी देवरिया के पास से तीन पासपोर्ट व एक वीजा, रिषु दुबे के पास से तीन पासपोर्ट व एक वीजा और विवेक कुमार के पास चार पासपोर्ट व दो वीजा बरामद किया। वीजा कंबोडिया के थे जो जांच करने पर फर्जी निकले। कंबोडिया में रहने वाला गिरोह का मास्टर माइंड अर्जुन चौहान वहां से फर्जी वीजा लेकर आता है और यहां गिरोह के लोग बेरोजगारों को तलाशते हैं।
नौकरी दिलाने के लिए वसूलते पांच लाख
ये गिरोह बेरोजगार युवकों को कंबोडिया मे नौकरी दिलाने के नाम पर चार से पांच लाख रुपये लेता है। गिरोह का जाल कानपुर के अलावा देवरिया, दिल्ली, लखनऊ तक फैला है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस ने तीनों युवकों की निशानदेही पर कई छापेमारी शुरू कर दी है।