मध्य प्रदेश: बाढ़ से हालात बेकाबू, पिछले 24 घंटों में 15 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश में बाढ़ से हालात बेकाबू हैं, राज्य के कई जिलों में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है।
भोपाल (जेएनएन)। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ से हालात बेकाबू है। पिछले 24 घंटों में 15 लोगों की मौत हो गई है। सीएम ने मदद के लिए चार-चार लाख रुपये का ऐलान किया है।
रीवा में बाढ़ से ऐसे हालात हो गए हैं कि लोगों को लोगों को निकालने के लिए सेना की मदद ली जा रही है। रीवा संभाग में बाढ़ के मद्देनजर सरकार ने सेना से मदद मांगी थी।
वहीं सतना जिले में भी बाढ़ जैसे हालात है। बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है, जिससे हालात और बेकाबू हो गए हैं। सागर जिले के राहतगढ़ में आज सुबह एक इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन लोग इस घटना में घायल हो गए हैं।
पढ़ें-बाढ़ से सैकड़ों घर तबाह, प्रशासन दिखावे में व्यस्त
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिवृष्टि से उपजे हालात की समीक्षा की। बचाव कार्य के लिए हेलिकॉप्टर तैयार रखने के निर्देश भी दिए मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए जरूरत पड़ने पर सेना की मदद लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल लगातार काम करें तथा उन्हें जरूरत के अनुसार मोटर बोट भेजी जाए। कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करें व राहत शिविरों में भोजन तथा अन्य व्यस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सतना में 4215 लोगों को बचाया गया है जबकि रीवा में 1550 लोगों को बचाया गया है।
बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, पुलिस महानिदेशक ऋ षि कुमार शुक्ला, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन आरएस जुलानिया, प्रमुख सचिव राजस्व केके सिंह, विशेष पुलिस महानिदेशक सरबजीत सिंह और महानिदेशक होमगार्ड मैथिलीशरण गुप्त भी उपस्थित थे।
पढ़ें- 3 दिन की भारी बारिश से नदियां उफान पर, 50 गांव पानी से घिरे
छह की मौत
बैठक में बताया गया कि रीवा संभाग में पिछले एक सप्ताह से भारी वर्षा हो रही है। बाढ़ के पानी से भरे करीब 50 गांवों को खाली कराया गया है। बचाव दलों ने 3 हजार 200 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। आपदा प्रबंधन तथा होमगार्ड के 25 दल बचाव और राहत कार्यों में लगे हुए हैं। बाणसागर बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं। पिछले दिनों रीवा संभाग में हुई वर्षा में छह लोगों की मृत्यु हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 35 राहत शिविर लगाए गए हैं। शिविर में 20 हजार लोगों को ठहराया गया है।
स्थिति चिंताजनक
राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल का कहना है कि रीवा संभाग की स्थिति चिंताजनक है, रीवा सहित आसपास पन्नाा-सतना में भी पानी तेजी से बढ़ रहा है। निचली बस्तियों में पानी भर चुका है। राहत व बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीम काम कर रही है वहीं अब सेना को भी मदद के लिए बुलाया गया है।