3 दिन की भारी बारिश से नदियां उफान पर, 50 गांव पानी से घिरे
विंध्य अंचल के रीवा एवं सतना जिलों में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी नदी नाले उफान पर बह रहे हैं।
भोपाल। विंध्य अंचल के रीवा एवं सतना जिलों में लगातार हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी नदी नाले उफान पर बह रहे हैं। तीन दिनों से भी अधिक समय से हो रही लगातार बारिश के चलते रीवा शहर के लगभग आधा दर्जन मोहल्लों के मकानों में पानी घुस गया। वहीं, शहर के बीच से गुजरने वाली बीहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन ने निचली बस्तियों में बसे लोगों सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। उप्र से मप्र की सीमा में प्रवेश करने वाली बेलन नदी भी उफान है। बेलन, टमस और बीहर नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से त्योथर क्षेत्र के लगभग 50 गांव पानी से घिरे हुए हैं। वहीं जवा-सितलहा पुल के डूब जाने से त्योथर से रीवा की ओर आने वाला मार्ग बंद हो गया। सोहागी में आधा दर्जन कच्चे मकानों के भी गिरने से सूचना है।लगातार हो रही बारिश के चलते बकिया बराज डेम के सभी गेट खोल दिए गए हैं। सतना में भी पिछले कई घंटों से बारिश से लोगों का बुरा हाल है। जिले के सभी नदी नाले-उफान पर बह रहे हैं तथा शहर में कई मकानों में पानी भर गया।
सतना, रीवा, पन्ना, छतरपुर और सीधी जिले में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र ने बुधवार को रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर और सीधी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
नागौद में 12 सेमी पानी गिरा, अजयगढ़ में 14 सेंटीमीटर वर्षा
मौसम केंद्र के डायरेक्टर डॉ. अनुपम काश्यपि ने बताया कि रीवा, शहडोल एवं जबलपुर संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा हुई। सागर संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में अजयगढ़ 14, नागौद 12, पन्ना 9, हनुमना 8, जबलपुर, रीवा एवं मैहर में 7-7, खजुराहो 6, कटनी एवं गुढ़ में 5-5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अगले 24 घंटे के लिए मौसम का पूर्वानुमान
संभावित पूर्वानुमान | कहां-कहां | स्थान (संभाग/जिले) |
गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना | अधिकांश स्थानों पर | रीवा, सतना, छतरपुर, एवं पन्ना जिलों में। |
वर्षा की संभावना | कई जगह | शहडोल संभाग, टीकमगढ़, सागर, दमाेह, सीधी, सिंगरौली, कटनी, जबलपुर, मंडला जिलों में। |
बारिश के आसार | कहीं-कहीं | हाेशंगाबाद संभाग तथा रायसेन, विदिशा, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर जिलों में। |
चेतावनी | कहां | स्थान (संभाग/जिले) |
भारी बारिश की संभावना | कुछ स्थानों पर | सीधी, रीवा, सतना, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, उमरिया एवं पन्ना जिलों में। |
भारी अलर्ट-सतना, रीवा, पन्ना जिलों में।
अलर्ट-छतरपुर एवं सीधी जिलों में।
दृष्टिकोण (आगामी दो दिन)-विशेष परिवर्तन नहीं।
भोपाल एवं निकटवर्ती स्थानों के लिए पूर्वानुमान (18 अगस्त की सुबह तक)
भोपाल जिले में वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। इस दौरान 18 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।