राजधानी की सड़कों पर फिर से दौड़ेगी ई-रिक्शा
अब आधिकारिक रूप से ई-रिक्शा फिर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों पर दौड़ते हुए दिखाई देंगे। केंद्र सरकार ने बुधवार को इन्हें विशेष श्रेणी के तिपहिया वाहन के रूप में मान्यता दे दी।
नई दिल्ली। अब आधिकारिक रूप से ई-रिक्शा फिर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों पर दौड़ते हुए दिखाई देंगे। केंद्र सरकार ने बुधवार को इन्हें विशेष श्रेणी के तिपहिया वाहन के रूप में मान्यता दे दी।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी करते हुए कहा कि ई-रिक्शा में चालक के अलावा चार से अधिक यात्री यात्रा नहीं कर सकेंगे। साथ ही कुल मिलाकर 40 किलोग्राम का सामान इसमें ढोया जा सकेगा।
ई-रिक्शे में लगी मोटर की नेट पॉवर 2,000 वॉट से अधिक नहीं होगी और इस वाहन की अधिकतम गति 25 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। इसके अलावा ई-रिक्शा चलाने के लिए प्रत्येक ड्राइविंग या नवीकरण किए गए लाइसेंस की वैधता तीन साल से अधिक नहीं होगी।
गौरतलब है कि अदालत ने 31 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ई-रिक्शा को चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। अदालत ने एक याचिका की सुनवाई करते हुए कहा था कि प्रथम दृष्टया यह अन्य यातायात व नागरिकों के लिए खतरा हैं। हाईकोर्ट ने इसे संसद व केंद्र सरकार पर छोड़ दिया था कि ई-रिक्शा के नियमन के लिए कानून में क्या बदलाव किए जाने चाहिए। सरकार द्वारा ई-रिक्शा को फिर से चलाने के आदेश के बाद ई-रिक्शा चालकों ने खुशी जताई है।
ई-रिक्शा नियमित करने को अधिसूचना का मसौदा तैयार
पुख्ता कानून बनने तक ई-रिक्शा पर जारी रहेगी रोक: दिल्ली हाई कोर्ट