गोवा के विधायकों को कसीनो की वजह से ही मिलता है वेतन !
गोवा विधानसभा में बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक के एक विवादित बयान पर खूब हंगामा हुआ। विधायक किरण कांडोल्कर ने कहा कि राज्य को कसीनो से मिलने वाले राजस्व की वजह से विधायकों को उनका वेतन मिलता है।
पणजी। गोवा विधानसभा में बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक के एक विवादित बयान पर खूब हंगामा हुआ। विधायक किरण कांडोल्कर ने कहा कि राज्य को कसीनो से मिलने वाले राजस्व की वजह से विधायकों को उनका वेतन मिलता है।
विधानसभा में चर्चा के दौरान थिविम से विधायक किरण कांडोलकर ने राज्य की भाजपा सरकार के कसीनो पर रोक नहीं लगाने के फैसले का बचाव किया। भाजपा ने 2012 में विधानसभा चुनाव के दौरान कसीनो पर रोक लगाने का वादा किया था। उन्होंने कहा, 'विधायकों के सभी वेतन वहां (कसीनो) से आते हैं। क्या आप कह रहे हैं, हमें वहां से राजस्व नहीं प्राप्त होता? कहां से आप अपना वेतन पाते हैं?' किरण की इस टिप्पणी पर विपक्षी विधायक भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायिका की पवित्रता को कलंकित कर रही है। कांग्रेस विधायक रेजिनाल्डो लौरेन्को ने कहा, 'आप यह कैसे कह सकते हैं। यह सही नहीं है।' इसके पहले सदन में मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने बताया कि कसीनो उद्योग से सालाना 80 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।