इस वजह से असम के मदरसों में शुक्रवार को छुट्टी नहीं
पाकिस्तान और बांग्लादेश में शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि भारत में रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है।
गुवाहाटी, आइएएनएस । असम में सरकार द्वारा संचालित मदरसों में अब शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी नहीं होगी। सरकार के इस फैसले की जानकारी सोमवार को शिक्षा मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने दी। उनके मुताबिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर कहा है ये मदरसे भी शुक्रवार को अन्य स्कूलों की तरह ही काम करें। सरमा ने बताया कि हाल ही में शिक्षा अधिकारियों की एक बैठक में यह बात सामने आई कि लखीमपुर, नौगांव और मोरीगांव जिलों में सरकार द्वारा संचालित मदरसों में शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है।
उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि भारत में रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है। छुट्टियों के दो नियम नहीं हो सकते। साप्ताहिक छुट्टी रविवार को होगी न कि शुक्रवार को। लेकिन पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सिद्दीकी अहमद ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय सरमा का बहिष्कार करेगा। उन्होंने कहा, 'वह (सरमा) राज्य के लोगों को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं।'