लेट से आए क्रू मेंबर, देर होने से यात्रियों का हंगामा
क्रू मेंबरों के विलंब से पहुंचने के कारण सोमवार को एयर इंडिया की कई उड़ानें प्रभावित हुईं। उड़ानों में घंटों देरी से नाराज यात्रियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हंगामा किया। लांज में ट्रॉली का अवरोध खड़ा कर यात्री बैठ गए।
नई दिल्ली। क्रू मेंबरों के विलंब से पहुंचने के कारण सोमवार को एयर इंडिया की कई उड़ानें प्रभावित हुईं। उड़ानों में घंटों देरी से नाराज यात्रियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हंगामा किया। लांज में ट्रॉली का अवरोध खड़ा कर यात्री बैठ गए। लोगों ने एयर इंडिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर, एयर इंडिया के अधिकारी का कहना है कि उड़ानों में देरी का कारण क्रू मेंबरों का विलंब से आना नहीं, बल्कि पूर्वी भारत के आसमान में छाया कोहरा है। विलंब का असर सबसे अधिक तीन उड़ानों पर पड़ा।
इसमें दिल्ली से रांची जाने वाली उड़ान संख्या एआइ-809, दिल्ली से पटना जाने वाली उड़ान संख्या एआइ- 409 व दिल्ली से काठमांडू जाने वाली उड़ान संख्या एआइ-213 शामिल हैं। रांची जाने वाली उड़ान संख्या एआइ-809 तय समय से पांच घंटे के विलंब से रवाना हुई।
एयर इंडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा
रांची। एयर इंडिया की लेटलतीफी पर सोमवार को यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रांची में एयर इंडिया की फ्लाइट देरी से पहुंचने पर भी भड़ास निकाली। सोमवार को विमान पूरे छह घंटे विलंब से रांची पहुंचा। यात्रियों ने ‘दैनिक जागरण’ से कहा कि यह यात्र नहीं, प्रताड़ना थी। दोपहर 12.45 बजे रांची पहुंचने वाला विमान शाम 6.20 बजे पहुंचा।उड़ान में देरी होने पर आइजीआइ पर हंगामा करते यात्री।