अमिताभ को लेकर उड़े विमान को फिर से एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा
अमिताभ बच्चन को लेकर उड़ान भरने वाले विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते उसे कुछ देर बाद फिर से एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा।
कोलकाता, (जागरण संवाददाता)। 22वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता फिल्म महोत्सव में हिस्सा लेने कोलकाता पहुंचे महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर उड़ान भरने वाले विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते उसे कुछ देर बाद फिर से एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। अच्छी तरह जांच के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद पुन: विमान मुंबई के लिए रवाना हुआ।
जानकारी के मुताबिक बिग बी विमान पकड़ने के लिए शनिवार की सुबह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचे थे। वह इंडियन एयरवेज के विमान से मुंबई जाने वाले थे। उक्त विमान ने अपने निर्धारित समय 9.15 बजे उड़ान भरी। कुछ दूर जाने पर ही चालक दल के सदस्यों को विमान के निचले हिस्से से कुछ तरल पदार्थ लीक होते दिखा। इसकी सूचना तुरंत विमान के पायलट को दी गई। इसके बाद पायलट ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इसकी सूचना देते हुए विमान की लैंडिंग की इजाजत मांगी।
कुछ देर बाद विमान को आपात स्थिति में उतारा गया। इंजीनियरों की मदद से विमान की बारीकी से जांच की गई। उक्त गड़बड़ी को दुरुस्त किया गया। इसके बाद 10.45 बजे विमान मुंबई के लिए रवाना हुआ। इस दौरान बिग बी उक्त विमान में ही सवार रहे।
अभिषेक बच्चन को 24 साल बड़ी इस अभिनेत्री से था प्यार, करना चाहते थे...