जम्मू कश्मीर के रिहायशी क्षेत्रों में पाकिस्तान ने दागे गोले
पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों के साथ रिहायशी क्षेत्रों में 82 एमएम के गोले दागे।
जम्मू, जेएनएन। अपने सात सैनिकों की मौत की खीज उतारने के लिए पाकिस्तान ने मंगलवार को दूसरे दिन भी जम्मू के प्लांवाला, केरी और नौशहरा के कलाल उप सेक्टर में भारी गोलाबारी की। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों के साथ रिहायशी क्षेत्रों में 82 एमएम के गोले दागे।
इसके साथ पाकिस्तानी रेंजर्स ने सांबा जिले के रामगढ़ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बुलेट प्रूफ गश्ती वाहन पर गोलियां दागीं। भारत ने भी पाकिस्तानी गोलाबारी का करारा जवाब दिया। दोनों तरफ से हुई गोलाबारी से फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
नोटबंदी पर राहुल ने फिर बोला हमला, कहा- एक व्यक्ति की सोच से गरीब परेशान
पाकिस्तानी गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। जान बचाने के लिए सैकड़ों लोग फिर घर छोड़कर कैंपों में आ गए हैं। पाकिस्तान ने दोपहर करीब 12 बजे तक अखनूर में नियंत्रण रेखा पर प्लांवाला व केरी क्षेत्र में जमकर गोलाबारी की। प्लांवाला सेक्टर के खौड़, प्लातन, पंजतूत, सामुआ, गिगरियाल, चपरियाल, गिगरयाल व छन्नी दवानो इलाकों पर भी गोले गिरे। इस दौरान लोग घरों के अंदर दुबके रहे।
इसके बाद दोपहर करीब पौने एक बजे रामगढ़ के चमलियाल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की 62 बटालियन की बुलेट प्रूफ ह्वीकल पार्टी गश्त पर थी। इस दौरान पाकिस्तान रेंजरों ने उस पर एलएमजी से फायर कर दिया, हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। गोलाबारी पाकिस्तान की सैदांवाली पोस्ट से हुई।
शाम करीब पौने पांच बजे चमलियाल में पाकिस्तान ने फिर मोर्टार का प्रयोग किया। उधर राजौरी जिले की नौशहरा तहसील के कलाल उप सेक्टर के पोखरा क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना ने सुबह चार बजे एलएमजी से गोलीबारी की। यह गोलीबारी एक घंटे तक जारी रही।
संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, नोटबंदी को लेकर विपक्ष करेगा घेरबंदी
गौरतलब है कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की गोलाबारी में अब तक 14 सुरक्षा कर्मियों समेत 26 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 90 के करीब लोग घायल हुए हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में फिर स्कूल बंद प्रशासन के निर्देश के बाद जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में एक नवंबर से बंद पड़े 174 सरकारी स्कूल मंगलवार को खोले गए, लेकिन सीमा से सटे इलाकों में फिर पाकिस्तानी गोलाबारी के चलते कुछ स्कूल दोबारा बंद कर दिए गए हैं।