विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एआइबी रोस्ट में करण, रणवीर, दीपिका और अर्जुन पर एफआइआर

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Fri, 06 Feb 2015 03:40 AM (IST)Updated: Fri, 06 Feb 2015 03:47 AM (IST)

विवादास्पद 'एआइबी रोस्ट' शो के कलाकारों के खिलाफ पुणे की पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। शो में बॉलीवुड ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पुणे। विवादास्पद 'एआइबी रोस्ट' शो के कलाकारों के खिलाफ पुणे की पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। शो में बॉलीवुड निर्देशक करण जौहर, अभिनेता रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर ने भी शिरकत की थी। दर्शक दीर्घा में मौजूद अभिनेत्री दीपिका पादुकोण समेत इन चारों हस्तियों के नाम रिपोर्ट में दर्ज हैं। शो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाला पुणे सीआइडी से संबद्ध पुलिस इंस्पेक्टर वाजिर हुसैन शेख है।

शेख ने बताया कि इस शो को भारतीय संस्कृति के विरुद्ध पाकर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है। शेख की शिकायत पर बंद गार्डन की पुलिस ने अश्लील विषय सामग्री के वितरण की धारा 292 समेत कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एफआइआर में करण जौहर, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, दीपिका पादुकोण (वह दर्शकों में मौजूद थी), कमेडियन अबिश मैथ्यू, तन्मय भट, अदिति मित्तल, सिमरन खंबा, आशीष शाक्या, रघुराम, रोहन जोशी और फिल्म समीक्षक राजीव मसंद को नामजद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि एआइबी रोस्ट शो दिसंबर में मुंबई में आयोजित हुआ था जिसमें चार हजार लोग शामिल हुए। दर्शक दीर्घा में करण जौहर की मां, सोनाक्षी सिन्हा, आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण और अनुराग कश्यप आदि भी थे। इस शो का वीडियो यू-ट्यूब पर वायरल हो गया। हालांकि बाद में विवाद बढ़ने के बाद इसे यू-ट्यूब से हटा लिया गया। यू-ट्यूब पर जारी इस शो में अभद्र और यौन व्यवहार पर चुटकुले सुनाए गए थे। महाराष्ट्र सरकार ने भी इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।