विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

..तो क्या आप को कांग्रेस देगी बिना शर्त समर्थन?

By Edited By:
Published: Tue, 10 Dec 2013 10:38 PM (IST)Updated: Wed, 11 Dec 2013 08:33 AM (IST)

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। दिल्ली में सरकार बनाने की ऊहापोह के बीच कांग्रेस ने पहले आम आदमी पार्टी [आप] ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। दिल्ली में सरकार बनाने की ऊहापोह के बीच कांग्रेस ने पहले आम आदमी पार्टी [आप] को बिना शर्त समर्थन देने के संकेत दिए। बाद में कदम पीछे खींचते हुए उसने अरविंद केजरीवाल को जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए भाजपा से हाथ मिलाने की नसीहत दे दी। इस बीच आप के वरिष्ठ नेता प्रशांत भूषण भी भाजपा को मुद्दों आधारित समर्थन देने के बयान से पलट गए। उन्होंने कहा कि आप न किसी को समर्थन देगी और न लेगी। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी आप को समर्थन दिए जाने की पैरवी की है।

मंगलवार को पार्टी महासचिव व दिल्ली प्रभारी शकील अहमद शकील अहमद की अध्यक्षता में पार्टी विधायकों की बैठक हुई। इसमें शकील अहमद ने कहा कि प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं का सुझाव है कि कांग्रेस को आप की सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन देना चाहिए। हम पहले अपने आठों विधायकों की राय लेंगे। अगर उनकी सहमति मिली तो इस संबंध में हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। बैठक के दौरान विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया गया। इस बात पर साफ तौर पर सहमति बनी कि पार्टी दिल्ली की नई सरकार बनाने के मामले में भाजपा के साथ किसी भी सूरत में कोई सहयोग नहीं करेगी। सोनिया गांधी फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं। एक-दो दिनों में उनके लौटने के बाद ही कांग्रेस विधायक दल के नए नेता के नाम की घोषणा की जाएगी। विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबसे ज्यादा 31, आप को 28 और कांग्रेस को मात्र आठ सीटे मिली हैं।

पढ़ें : अब दिग्विजय ने कहा, दिल्ली में मिलकर सरकार बनाए भाजपा-आप

हर्षवर्धन चुने गए भाजपा विधायक दल के नेता :

भाजपा विधायकों ने मंगलवार को डॉ हर्षवर्धन को अपना नेता चुन लिया। प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में हर्षवर्धन ने यह तो नहीं बताया कि सरकार कैसे बनेगी, लेकिन यह जरूर कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो जनता से किए गए वादे जरूर पूरे किए जाएंगे। इस दौरान पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी नितिन गडकरी और वरिष्ठ नेता थावर चंद गहलौत भी उपस्थित रहे।

आप देश का भविष्य : फारुख अब्दुला :

नोएडा। संप्रग सरकार के सहयोगी केंद्रीय मंत्री फारुख अब्दुला ने भी अरविंद केजरीवाल की सराहना की है। आम आदमी पार्टी को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि अब राजनीति में युवा सक्रिय हो रहे हैं। उनकी सोच बदल रही है। युवा जागेगा तब देश भी जगेगा। आप के झाड़ू ने इस दिशा में काफी हद तक काम किया है। वह मंगलवार को नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन के लिए आए थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर