यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी के करिश्मे से कांग्रेस में बौखलाहट
देश की राजधानी में युवाओं के बीच नरेंद्र मोदी के छाप छोड़ने वाले संबोधन के बाद कांग्रेस और केंद्र सरकार ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश की राजधानी में युवाओं के बीच नरेंद्र मोदी के छाप छोड़ने वाले संबोधन के बाद कांग्रेस और केंद्र सरकार के नेताओं को यह सूझ नहीं रहा है कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से कैसे पार पाएं? खिसियाहट में वे अजीब-अजीब से तर्क दे रहे हैं। कोई अन्य राज्यों के मुकाबले गुजरात में विकास की कथित धीमी रफ्तार का उल्लेख कर रहा है तो कोई ऐसे सवाल पूछ रहा है कि आखिर मोदी ने बिजनेस कानक्लेव में गुजरात दंगों पर बात क्यों नहीं की?
मोदी की ओर से आए विकास के दावों पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने कहा कि गुजरात एकमात्र राज्य है जहां पंचवर्षीय योजना में जीडीपी विकास दर कम हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दसवीं पंचवर्षीय योजना में जहां गुजरात की विकास दर 11 फीसद थी वहीं ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना में यह घटकर 9.3 प्रतिशत रह गई। साथ ही गुजरात में जीडीपी के अनुपात में कर संग्रह भी कम रहा है।
दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में बुधवार को व्याख्यान देने पहुंचे मोदी की ओर से गुजरात के नमक को लेकर आए बयान पर भी कांग्रेस से तीखी प्रतिक्रिया आई। पार्टी प्रवक्ता शकील अहमद ने सोशल नेटवर्किग साइट ट्विटर पर लिखा, गुजरात का नमक तो सबने खाया है, परंतु नमक खाकर भी मोदी ने गुजरात का ही खून बहाया है। पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता राशिद अल्वी की नजर में मोदी ने अपने भाषण में परोक्ष रूप से कांग्रेस की नीतियों की तारीफ की। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी इस पर हैरत जता चुके हैं कि मोदी ने गुजरात दंगों की कोई चर्चा क्यों नहीं की?
कांग्रेस सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, गुजरात की तरक्की में मोदी का कोई योगदान नहीं। यह सूबा तो पहले से ही समृद्ध है। कांग्रेसी नेताओं के साथ जनता दल-यू के कुछ नेताओं ने भी मोदी के भाषण में मीन-मेख निकाली है।
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि कांग्रेस लोगों को बदनाम करने की राजनीति करती है और हम विकास की। दोनों के बीच यही अंतर है। गौरतलब है कि मोदी ने अपने भाषण में राज्य में नमक उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा था कि देश में शायद ही कोई ऐसा हो जिसने गुजरात का नमक न खाया हो। कॉलेज के बिजनेस कानक्लेव में मोदी ने कृषि, पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय विकास दर से गुजरात की विकास दर को अधिक बताया था। उन्होंने गुजरात के विकास मॉडल को अधिक संतुलित साबित करने का भी प्रयास किया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
