आखिर राहुल गांधी को कितनी बार रीलांच करेगी कांग्रेस : भाजपा
भूमि अधिग्रहण को किसान और गरीब विरोधी बता रही कांग्रेस के सामने भाजपा ने फिर से राबर्ट वाड्रा का सवाल खड़ा कर दिया है। केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों के प्रति नरम और आम जनता के खिलाफ होने के आरोप को 'लोकप्रिय जनादेश का अपमान और सफेद झूठ' करार देते हुए
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भूमि अधिग्रहण को किसान और गरीब विरोधी बता रही कांग्रेस के सामने भाजपा ने फिर से राबर्ट वाड्रा का सवाल खड़ा कर दिया है। केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों के प्रति नरम और आम जनता के खिलाफ होने के आरोप को 'लोकप्रिय जनादेश का अपमान और सफेद झूठ' करार देते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बताना चाहिए राबर्ट वाड्रा के विकास का क्या मॉडल था?
वहीं राहुल पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा- कुछ लोग (मोदी) देश की इज्जत बढ़ाने के लिए विदेश जाते हैं जबकि कुछ (राहुल) पश्चाताप करने। हर पराजय के बाद राहुल की लांचिंग की जाती है। आखिर कांग्रेस कितनी बार राहुल गांधी को रीलांच करेगी?
कांग्रेस की रैली से पहले सांसदों की कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आक्रामकता के साथ जवाब देने की बात कही थी। रैली खत्म हुई भाजपा की ओर से तेजतर्रार मंत्री रविशंकर प्रसाद को तैनात किया गया।
करारी हार से भी कांग्रेस का दिल नहीं भरा :
लोकसभा चुनाव के बाद विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के सफाए का हवाला देते हुए रविशंकर ने कहा कि क्या इतनी करारी हार से भी कांग्रेस का दिल नहीं भरा। तभी राहुल गांधी बरसों बाद केंद्र में पूर्ण बहुमत से बनी सरकार का ही नहीं जनता के मताधिकार का अपमान कर रहे हैं। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा, 'राहुल सफेद झूठ बोल रहे हैं। उद्योगपतियों के कर्ज को चुकाने जैसा आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं.वह गुजरात मॉडल की बात करते हैं तो फिर बताएं कि राबर्ट वाड्रा का विकास मॉडल क्या था जो कांग्रेस राज मे पनपा था।'
बिल सही था तो क्यों विरोध किया था कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों ने :
उन्होंने भूमि अधिग्रहण में हुए संशोधनों को किसानों, गरीबों और देश के हित में बताते हुए कहा कि इससे सिंचाई, सड़क, पुल, आवास बनाने में मदद मिलेगी। अगर कांग्रेस का विधेयक सही था तो उनके ही मुख्यमंत्रियों ने उसका विरोध क्यों किया था।
पढ़ें: सांसदों के प्रदर्शन से असंतुष्ट मोदी ने कहा- विपक्ष की मानसिकता से बाहर आएं