सौ दिन में सत्ता से बाहर होगी कांग्रेस: नरेंद्र मोदी
भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर पूर्वोत्तर के विकास में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 23 साल से राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद प्रधानमंत्री ने इसकी अनदेखी ही की। शनिवार को नरेंद्र मोदी ने मणिपुर और असम में जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सौ दिन में कांग्रेस का सत्ता से बाहर होना तय है।

गुवाहाटी/इंफाल। भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर पूर्वोत्तर के विकास में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 23 साल से राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद प्रधानमंत्री ने इसकी अनदेखी ही की। शनिवार को नरेंद्र मोदी ने मणिपुर और असम में जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सौ दिन में कांग्रेस का सत्ता से बाहर होना तय है।
इंफाल की रैली में अरुणाचल प्रदेश के छात्र नीडो तानिया की दिल्ली में हत्या का मामला उठाते हुए उन्होंने इसे राष्ट्र के लिए शर्मनाक घटना करार दिया। उन्होंने कहा कि वहां शासकीय खामियां हैं। वहां महिलाओं पर अत्याचार के भी कई मामले हैं। मोदी ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप को छोड़कर छात्र और उसके परिजनों को न्याय दिलाएगी।
गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आप यहां से 23 साल से मनमोहन सिंह को राज्यसभा भेज रहे हैं। आपने बड़ा निवेश किया है लेकिन इसके बदले में आपको क्या मिला। अगर आपके होकर भी उन्होंने आप लोगों के लिए कुछ नहीं किया तो वह देश के लिए क्या करेंगे।' उन्होंने कहा कि एक सामान्य मजदूर भी अगर इतने सालों तक असम का प्रतिनिधित्व करता तो वह राज्य का चेहरा बदल सकता था। लेकिन मनमोहन इसमें असफल रहे। उनकी लोगों के प्रति जवाबदेही बनती है।
कांग्रेस के मुख्यमंत्री पीएम को परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए बुलाते हैं लेकिन इसके बाद कुछ नहीं होता। राजग के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पूर्वोत्तर के विकास के साथ इसके लिए अलग मंत्रालय की पहल की थी। लेकिन कांग्रेस की राज्य और केंद्र की सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार में डूबी है। उनके नेता विदेशों में काला धन जमा कर रहे हैं और वे नहीं चाहते कि यह वापस आए।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो वह काले धन को लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और इसका प्रयोग गरीबों के विकास के लिए किया जाएगा।
गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा, 'पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में असम की हालत सबसे बुरी है। आपने कांग्रेस को 60 साल तक सहा। उन्होंने सिर्फ वादे किए और देश को भटकाया। मुझे आप 60 महीने दीजिए, मैं आपकी आकांक्षाओं को पूरा करूंगा। सिर्फ 100 दिन की बात है। कांग्रेस की विदाई निश्चित है।' राज्य की कांग्रेस सरकार पर उग्रवाद और ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उग्रवाद के कारण फर्जी मुठभेड़ हो रही हैं। मोदी ने वादा किया कि सरकार बनने पर भाजपा जड़ी-बूटी, बागवानी और कृषि प्रसंस्करण उद्योगों को विकसित करेगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।