विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सरकार का राहत भरा कदम, अब पेट्रोल पंप से भी निकाल सकेंगे 2 हजार कैश

By kishor joshiEdited By:
Published: Thu, 17 Nov 2016 11:10 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 18 Nov 2016 09:55 AM (GMT+05:30)

सरकार ने नोटबंदी को लेकर आम लोगों को हो रही परेशानी को कम करने के लिए एक और कदम उठाया है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली (जेएनएन)। देशभर में चल रही रुपयों की मारामारी को कम करने के लिए सरकार ने कुछ चुने हुए पेट्रोल पंपों से डेबिट कार्ड के जरिये रुपये निकालने की इजाजत दे दी है। जिसके अनुसार अब देश के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर भी आपको पैसे निकालने की सुविधा मिलेगी। देश के कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंप पर आप कार्ड स्वाइप कर पैसे निकाल सकते हैं, वो भी बिलकुल एटीएम की तरह।

देशभर के ढाई हजार पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। यहां से एक दिन में दो हजार रुपये निकाले जा सकेंगे। इन पेट्रोल पंपों पर एसबीआइ की स्वाइप मशीनें उपलब्ध कर दी गई हैं। नए आदेश के मुताबिक, आप पेट्रोल पंप पर अपना डेबिट कार्ड स्वाइप करके 2000 रुपये प्राप्त कर सकते हैं।

पढ़ें- 'नोटबंदी से यूपी चुनाव के बदल जाएंगे समीकरण, भाजपा को फायदा'

आरबीआई और एसबीआई की इस संयुक्त मुहिम में जहां एसबीआई की पीओएस मशीनें हैं वहीं ये सुविधा मिल सकेगी। सरकार के इस नए आदेश के अनुसार करीब 2500 पेट्रोल पंपों पर ये सुविधा मिलेगी और आगे चलकर इसे 20,000 पेट्रोल पंपों पर लागू किया जाएगा।

पढ़ें- वित्त मंत्री जेटली की दो टूक, कहा- नोट बंदी पर रोल बैक का सवाल नहीं

पुराने नोट बदलने की घटी सीमा-

इससे पहले इकोनॉमिक अफेयर्स सेक्रेटरी शक्तिकांत दास ने गुरुवार को बताया कि इस शुक्रवार से पुराने नोटों को बदले जाने की सीमा 2000 रुपये कर दी जाएगी। अभी तक आप बैंकों से एक दिन में 4500 रुपये तक बदल सकते थे।

शादी-विवाह के लिए नकदी निकासी में दी राहत-

नोटबंदी के बाद सबसे ज्यादा समस्या उन लोगों को हो रही थी, जो अपने परिवार में बेटे-बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे। क्योंकि आमतौर पर लोग शादी विवाह के खर्चों के लिए घर में नकदी लाकर रख लेते थे। अब शादी विवाह वाले घरों में कोई भी व्यक्ति एक खाते से 2.50 लाख रुपये की निकासी कर सकता है।

किसानों के लिए बड़ी राहत-

शक्तिकांत दास ने कहा कि किसान बैंक से एक हफ्ते में 25,000 रुपये निकाल सकते हैं, लेकिन यह राशि किसान की ओर से फसल के लिए पहले से लिए गए लोन में से होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार के बेहतर मानसून का जिक्र करते हुए यह भी उम्मीद जताई है कि यह फसल-वर्ष बेहतर रहेगा।

गौरतलब है कि बीते 8 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम एक संबोधन के दौरान 500 और 1000 रुपये के बड़े नोट पर बैन लगाने की घोषणा कर दी थी। इस घोषणा के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों विशेषतौर पर किसानों को ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।

शक्तिकांत दास ने कहीं ये बड़ी बातें भी:

  • शक्तिकांत दास ने यह भी कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि आरबीआई के पास पर्याप्त नकदी है और नकदी की कोई समस्या नहीं है।
  • सरकार ने सभी एटीएम को नए नोट के हिसाब से ढ़ालने के लिए एक टॉस्क फोर्स का गठन किया है। दास ने यह जानकारी दी कि यह काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और सभी एटीएम मशीनों से नए नोट निकलने लगेंगे।
  • एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट कमिटी (एपीएमसी) के अंतर्गत पंजीकृत ट्रेडर्स 50,000 रुपए निकाल सकते हैं। हालांकि इन ट्रेडर्स को केवाईसी की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
  • सी ग्रुप तक के केंद्रीय कर्मचारी अपनी तनख्वाह 10,000 रुपए तक एडवांस में निकाल सकते हैं। उनकी यह निकासी नवंबर महीने की तनख्वाह में एडजस्ट कर ली जाएगी।
  • किसानों को एक और बड़ी राहत देते हुए सरकार ने फसल बीमा की किश्त जमा करने की अंतिम अवधि को 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। इसका मतलब यह हुआ कि फसल बीमा के प्रीमियम की अंतिम तिथि खत्म होने के 15 दिन बाद भी किसान किश्त जमा कर पाएंगे।