विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव: गोयल को मनाने की कोशिश

By Edited By:
Published: Fri, 18 Oct 2013 10:28 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 18 Oct 2013 02:44 PM (GMT+05:30)

दिल्ली भाजपा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कलह बरकरार है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री पद का ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली भाजपा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कलह बरकरार है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की अटकलों से नाराज प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल को मनाने की कोशिश चल रही हैं। हालांकि दिल्ली के प्रभारी नितिन गडकरी के निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के सभी प्रदेशस्तरीय नेताओं को एकजुट कर यह संदेश देने की कोशिश जरूर की गई है कि पार्टी में सब कुछ सामान्य है।

पढ़ें: दिल्ली में हर्षवर्धन या फिर कोई नहीं

बुधवार की तरह बृहस्पतिवार को भी गोयल के समर्थकों ने पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की। पहले सभी कार्यकर्ता 11, अशोक रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। वहां राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का इंतजार करते रहे, जब कार्यकर्ताओं को पता चला कि वह नहीं आएंगे, तो वे गडकरी के आवास पर पहुंचे। इनमें से कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने विजय गोयल के समर्थन में नारेबाजी भी की। हालांकि बाद में गडकरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि कार्यकर्ताओं की राय से संसदीय बोर्ड को अवगत कराया जाएगा। गडकरी से मिलने वालों में प्रदेश, जिला एवं मंडल कार्यकारिणी के सदस्य शामिल थे। इस बीच संदेश मिला कि शाम को गडकरी के आवास पर एक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें कई बसपा नेता भाजपा में शामिल होने की घोषणा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय गोयल करेंगे। शाम लगभग पांच बजे कार्यक्रम शुरू हो गया। वहां विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार मल्होत्रा, विधानसभा में उपनेता जगदीश मुखी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजेंद्र गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव आरती मेहरा पहुंच गए और गडकरी के कमरे में गोयल का इंतजार करते रहे। इन नेताओं के मंच पर पहुंचने के लगभग 40 मिनट बाद गोयल आए। गडकरी ने समारोह में गोयल की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि गोयल साफ छवि के नेता हैं।

सूत्र बताते हैं कि ऐसा गोयल को मनाने के लिए कहा गया, क्योंकि कहा यह जा रहा है कि डॉ. हर्षवर्धन साफ छवि के नेता हैं, इसलिए पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बना रही है। अपनी छवि पर अंगुली उठने से गोयल बेहद नाराज हैं। गडकरी ने कहा कि कोई नाराज नहीं है, सब साथ-साथ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर संसदीय बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

बसपा छोड़ भाजपा में शामिल

बसपा के प्रदेश महासचिव सुमन सैनी ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। सैनी के अलावा गौतमबुद्ध नगर जिले के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। सैनी ने कहा कि उन्होंने विजय गोयल के कहने पर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर