यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा ने मुलायम को घेरा
नई दिल्ली। मुजफ्फरनगर दंगा राहत शिविरों में एक भी पीड़ित नहीं होने के सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के दावे ...और पढ़ें

नई दिल्ली। मुजफ्फरनगर दंगा राहत शिविरों में एक भी पीड़ित नहीं होने के सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के दावे की भाजपा ने कड़ी आलोचना की है। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि इससे सपा नेताओं की मानसिकता का पता चलता है, जो भाजपा पर सांप्रदायिक होने का आरोप मढ़ते रहते हैं। नकवी ने दंगा प्रभावित इलाकों में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे पर भी सवाल उठाए हैं। बसपा ने भी मुलायम के बयान को शर्मनाक करार दिया है।
नकवी ने मंगलवार को कहा, 'सपा सरकार कहती है कि शिविरों में दंगा पीड़ित नहीं बल्कि राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ता हैं। तो आप (सपा) उनकी पहचान करें। दंगे में मरने वालों की भावनाओं पर खेलकर सपा तमाशा रच रही है और उल्टा ऐसे आरोप भाजपा पर ही जड़ रही है।'
गौरतलब है कि मुलायम ने सोमवार को कहा था कि राहत शिविरों में अब कोई भी दंगा पीड़ित नहीं है। यहां अब सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता रह रहे हैं। दोनों पार्टियों की कोशिश है कि किसी तरह उत्तर प्रदेश में सपा सरकार की छवि खराब हो। इसी बयान पर मुलायम को घेरते हुए नकवी ने कहा, दंगा पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने के बजाय वह उनके घावों पर सुई चुभा रही है। इससे सपा की मानसिकता उजागर हो जाती है।
नकवी ने राहुल गांधी के दंगा राहत शिविरों के दौरे पर कांग्रेस को भी लताड़ा। नकवी ने कहा, 'कांग्रेस वर्ग विशेष की सहानुभूति बटोरकर वोट बैंक की राजनीति कर रही है।' राहुल गांधी पर दंगा राहत शिविरों के दौरे को लेकर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए नकवी ने कहा कि पार्टी के नेता 'लंबी पर्यटन यात्रा' कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता जब छुट्टी पर होते हैं तो 'लांग ड्राइव' पर जाते हैं, इस बार वे मुजफ्फरनगर पहुंच गए। कुछ महीने पहले पूरा परिवार यहां 'धर्मनिरपेक्ष पर्यटन' पर आया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
