Move to Jagran APP

राहुल पर BJP का पलटवार, कहा- वंशवाद की लोकतंत्र में कोई जगह नहीं

स्मृति ईरानी ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह हार के लिए संप्रग नेताओं में आए घमंड के राहुल गांधी के बयान को सबसे बड़ा राजनीतिक स्वीकारोक्ति करार दिया है।

By Kishor JoshiEdited By: Published: Tue, 12 Sep 2017 12:08 PM (IST)Updated: Tue, 12 Sep 2017 07:49 PM (IST)
राहुल पर BJP का पलटवार, कहा- वंशवाद की लोकतंत्र में कोई जगह नहीं

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। अमेरिकी विश्वविद्यालय में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मोदी सरकार पर हमले का भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। सूचना व प्रसारण मंत्री स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को विलुप्त होती वंश परंपरा का विफल वंशज करार दिया है। उन्होंने कहा कि वंशवाद की लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है और राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री पद पर सामान्य पृष्ठभूमि से आए लोगों का पहुंचना इसका सबूत है।

loksabha election banner

स्मृति ईरानी ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह हार के लिए संप्रग नेताओं में आए घमंड के राहुल गांधी के बयान को सबसे बड़ा राजनीतिक स्वीकारोक्ति करार दिया है। इस दौरान कांग्रेस की कमान सोनिया गांधी के हाथ में थी। ईरानी के अनुसार पहली बार कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सोनिया गांधी के नेतृत्व पर करारा तंज कसा है और कांग्रेस को इसपर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक विफल वंशज की राजनीतिक विफलता की कहानी सुनने वाला देश में कोई नहीं है, इसीलिए वे विदेशी धरती पर अपनी बात कह रहे हैं।

स्मृति ईरानी ने भारत में वंशवाद की मान्यता के राहुल गांधी के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एक साधारण परिवार से आते हैं। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू किसान के बेटे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते। इतने बड़े पद पर ये लोग वंश की वजह से नहीं बल्कि अपनी प्रतिभा के दम पर पहुंचे हैं। राहुल गांधी के विकास के दृष्टिकोण पर तंज कसते हुए स्मृति इरानी ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में कोई भी जाकर विकास की स्थिति को देख सकता है।

वहीं मोदी सरकार के दौरान कश्मीर में हालात बिगड़ने के राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा महासचिव राममाधव ने कश्मीर की समस्या के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और उसके बाद की कांग्रेसी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। रामाधव ने कहा कि पिछले तीन साल में मोदी सरकार कश्मीर में पिछली सरकार की गलतियों को सुधारने की कोशिश कर रही है।

पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल के भाषण पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अमेरिका में जाकर अपने ही देश की आलोचना कर रहे हैं... यह राहुल गांधी की निराशा को दर्शाता है।' 

आपको बता दें कश्मीर मुद्दे पर बोलते हुए राहुल गांधी ने राहुल ने कहा था, 'कश्मीर मुद्दे पर 9 साल मैंने, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पी. चिदंबरम और जयराम रमेश के साथ मिलकर काम किया। कश्मीर में मैंने जब काम शुरू किया था, तब वहां आतंकवाद चरम पर था। इसके बावजूद हमने आतंकी सोच को कम करके शांति का माहौल स्थापित करने का काम किया।'

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी राहुल के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'राहुल गांधी हो या कांग्रेस पार्टी देश की तरक्की पर पलीता लगाने के राजनैतिक पाखंड के पर्यायवाची बन गए हैं। इसलिए उनके मुंह से इस तरीके से शब्द निकलेंगे। जिन लोगों ने दशकों तक देश के गरीब-कमजोरों का राजनीतिक शोषण किया हो, यह माहौल उनको हजम नहीं होगा। देश का दुष्प्रचार विदेशों में करने में ये लोग सफल नहीं होंगे।'

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने की पीएम मोदी की तारीफ, जानिए- अपने भाषण में क्या कहा 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने कहा- दंभ के कारण सत्‍ता से बेदखल हुई कांग्रेस, पुनर्निर्माण की है जरूरत 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.