यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुंबई में पांच रुपये में भर सकता है पेट : भाजपा नेता
मुंबई। देश भर में महंगाई से भले ही आम आदमी का जीना दूभर हो गया है, मगर नेता इस मामले ...और पढ़ें

मुंबई। देश भर में महंगाई से भले ही आम आदमी का जीना दूभर हो गया है, मगर नेता इस मामले पर अपनी बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी सस्ते खाने पर राजनीति शुरू कर दी है। भाजपा मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष सेलार की मानें तो शहर में लोग अब भी पांच रुपये में अपना पेट भर सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सेलार ने यह बात भाजपा की बैठक में कही। सेलार के मुताबिक, यह मुंबई है। यहां बड़े रेस्टोरेंट व महंगे व्यंजन मिलते हैं। वही दूसरी ओर, यहां पांच रुपये में भी पेटभर खाया जा सकता है। यहां एक के पास सब कुछ है और एक के पास कुछ नहीं है। सेलार ने मराठी शब्द पोटभर (पेटभर) का प्रयोग किया। मुंबई में एक वड़ा पाव 12 रुपये का मिलता है, जबकि पानीपूड़ी की एक प्लेट 20 रुपये की आती है।
हालांकि सेलार का कहना है कि उनके बयान को गलत संदर्भ में लिया जा रहा है। वह तो बस इतना दिखाना चाहते थे कि मुंबई में हर तरह के लोग हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि किसी को पांच रुपये में ऐसा खाना कहां मिलता है तो उन्होंने कहा कि माहिम दरगाह में लोग गरीबों को दो से पांच रुपये में भी खाना देते हैं।
गौरतलब है कि जब 33 रुपये रोजाना की गरीबी रेखा का बचाव करते हुए कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा था कि मुंबई में कोई 12 रुपये में पेटभर व अच्छा खाना खा सकता है। इसके बाद रशीद मसूद ने दिल्ली में पांच ही रुपये में खाना मिलने की बात कही थी। फारुक अब्दुल्ला ने कहा था कि इंसान चाहे तो एक रुपये में भी अपना पेट भर सकता है। कांग्रेस नेताओं के इन बयानों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। काफी समय तक इन बयानों पर हंगामा मचा था।
