यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आप का आरोप : केजरीवाल पर हमले की योजना बना रही भाजपा
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उनका एक नेता अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाला है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उनका एक नेता अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाला है। आप ने कहा कि 24 अगस्त को दिल्ली के किराड़ी में होने वाली पूर्व मुख्यमंत्री की रैली में केजरीवाल पर भाजपा नेता हमले की योजना बना रहा है।
आप ने अपने इस आरोप का आधार एक न्यूज चैनल के स्टिंग को बनाया है। इस स्टिंग में भाजपा के एक विधायक के करीबी लोकेश नाम के व्यक्ति ने कबूल किया है कि वह किराड़ी रैली के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर हमले की योजना बना रहा है।
आप नेता आशुतोष ने इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी दीपक मिश्रा से मुलाकात की है। उन्होंने पुलिस को वह वीडियो भी दिखाया है। साथ ही इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
इससे पहले केजरीवाल पर दिल्ली में एक ऑटो ड्राइवर भी हमला कर चुका है। ऑटो ड्राइवर ने एक रोड शो के दौरान केजरीवाल को थप्पड़ जड़ दिया था। बाद में ऑटो ड्राइवर ने भी माना था कि वह किसी के बहकावे में आ गया था। आप ने तब भी इस हमले का आरोप भाजपा पर ही मढ़ा था।
