विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केजरीवाल के खिलाफ दमदार प्रत्याशी खोज रही है भाजपा

By anand rajEdited By:
Published: Thu, 08 Jan 2015 09:46 AM (IST)Updated: Thu, 08 Jan 2015 10:03 AM (IST)

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में घेरने के लिए भाजपा दमदार प्रत्याशी उतारने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में घेरने के लिए भाजपा दमदार प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए किरण बेदी, विनोद कुमार बिन्नी व शाजिया इल्मी सहित कई नेताओं के नाम पर विचार किया जा रहा है। भाजपा के कई नेता भी इस महत्वपूर्ण सीट पर दावेदारी जता रहे हैं।

भाजपा पहले दो विधानसभा चुनावों को छोड़कर हमेशा इस सीट से प्रत्याशी बदलती रही है। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि इस बार भी किसी नए प्रत्याशी को यहां से टिकट दिया जाए। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां से अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को प्रत्याशी बनाया था, जो कि तीसरे स्थान पर रहे थे। इस सीट पर अरविंद केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को लगभग 25 हजार मतों से पराजित किया था। हालांकि, लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां से बढ़त हासिल की थी। पार्टी नेताओं का कहना है कि केजरीवाल लोगों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं, जिससे मतदाताओं में भारी रोष है। इसका लाभ भाजपा को मिलना तय है। इसलिए नई दिल्ली से मजबूत प्रत्याशी को उतारकर उन्हें घेरने की रणनीति बनाई जा रही है। कई वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि आप संयोजक को मात देने के लिए उनके ही किसी पुराने साथी को चुनावी दंगल में उतारा जाए। इसके लिए किरण बेदी को भी मनाने की कोशिश की जा रही है। इसी तरह से आप का साथ छोड़ चुकीं शाजिया इल्मी, विनोद कुमार बिन्नी व अश्वनी उपाध्याय के नाम भी चर्चा में हैं।

वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुनील यादव को भी यहां से मजबूत दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि वह नई दिल्ली के भाजपा जिला अध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय की अध्यक्ष रह चुकीं नुपूर शर्मा सहित कई अन्य नेता भी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी जता रहे हैं। अब देखना है कि भाजपा केजरीवाल को चुनौती देने के लिए किसे मैदान में उतारेगी है।

पढ़ेंः भाजपा में शामिल हुईं 'महाभारत' की द्रौपदी

पढ़ेंः 'आप' का खुलासा: दिल्ली की वोटर लिस्ट में बड़ा घपला