कानपुर में बैंक की लाइन में जन्मा नवजात, बरेली में नोट बदलने के लिए गैंगरेप
बरेली में नोट बदलवाने का झांसा देकर महिला को बंधक बनाया और दस दिन दुष्कर्म किया गया। कानपुर में महिला ने बैंक की लाइन में नवजात को जन्म दिया।
लखनऊ (जेएनएन)। नोटबंदी के बाद उपजे नकदी संकट में नए-नए रंग रोज देखने को मिल रहे हैं। बरेली में नोट बदलवाने का झांसा देकर एक महिला को बंधक बनाया गया और दस दिन तक दुष्कर्म किया गया। कानपुर में एक महिला ने बैंक की लाइन में नवजात को जन्म दिया। अलीगढ़ में नकदी संकट के चलते एक दूल्हे के पिता को बंधक बनाया गया।
नोटबंदी आजाद भारत में अब तक सबसे बड़ा घोटालाः अरविंद केजरीवाल
दूल्हे का पिता बंधक
पहली पत्नी और दो बेटियों को छुपाकर दूसरी शादी करने पहुंचे दूल्हे और उसके पिता पर नोटबंदी की मार पड़ रही है। पोल खुलने के बाद से बंधक दूल्हा ही अब चार पंचों के साथ जुर्माने की रकम जुटाने निकला है। उनके लौटने तक उसके पिता को बंधक रखा गया है। अलीगढ़ की। पंचायत ने दूल्हे पर एक लाख और शादी कराने वाले दोनों बिचौलियों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। आज गांव से लौटे दूल्हे के पिता ने बैंकों से कैश न मिल पाने का हवाला देकर चेक लेने की दरख्वास्त की, मगर पंच तैयार न हुए। पलवल (हरियाणा) जिले के गांव बहीम से बुधवार को दूल्हे की दूसरी बरात अलीगढ़ जिले के थाना चंडौस के गांव बसेरा आई थी। बराती तो खा-पीकर चले गए। रात को फेरे भी हो गए थे। कुछ ही देर बाद मथुरा के गांव गिधौ निवासी दूल्हे की पहली पत्नी दोनों बेटियों को लेकर पहुंची और भांडाफोड़ दिया। बताया कि उसकी शादी 2011 में हुई थी। तंग करने के कारण 2013 में मायके में है। अदालत में मामला चल रहा है। असलियत पता चलते ही दुल्हन ने धोखेबाज के साथ जाने से साफ मना कर दिया था। परिजनों ने दूल्हे, उसके पिता व दोनों बिचौलिये बंधक बना लिए थे। गुरुवार को बैठी पंचायत में लड़की के पिता ने 1.10 लाख रुपये खर्च होने का हवाला दिया। पंचायत ने दूल्हे को एक लाख और बिचौलियों को पांच-पांच हजार चुकाने का आदेश दिया। दूल्हे के पिता श्यामलाल पैसे का इंतजाम करने के लिए छोड़ दिए गए। आज लौटे दूल्हे के पिता ने पंचों के आगे नकदी संकट का रोना रोया। कहा, एक लाख रुपये का चेक ले लें। पंच इसके लिए राजी नहीं हुए। चंडौस थाना प्रभारी राजबहादुर सिंह का कहना है कि पंचों ने बिना पुलिस के ही मामला सुलझा लिया है। दूल्हा या दुल्हन पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। आने पर कार्रवाई करेंगे।
नोटबंदीः जो नोट नष्ट करने थे, आरबीआइ ने बैंकों को थमा दिए
नोट बदलवाने के बहाने सामूहिक दुष्कर्म
नोट बदलवाने का झांसा देकर बरेली के शाही की एक महिला से तीन युवकों ने बंधक बनाकर 10 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह भागकर घर पहुंचने के बाद महिला ने परिजनों को इसके बारे में बताया। थाने में मामला दर्ज न होने पर पीडि़ता ने एसएसपी ऑफिस में मामले की शिकायत की है। महिला का पति दूसरे शहर में नौकरी करता है। 11 नवंबर को गांव की महिला ने उससे कहा कि उसे 500 व 1000 के नोट बदलवाने शहर के बैंक में चलना है। जिसके बाद महिला उसके साथ शहर आ रही थी। रास्ते में गांव की महिला ने उसे पकौड़ी चाय का नाश्ता कराया। जिसके बाद वह बेहोश हो गई थी। होश आने पर उसने खुद को कासगंज के एक मकान में बंद पाया। मकान में बंधक बनाकर दस दिन तक उसके साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। 20 को वह मौका पाकर वहां से भाग निकली और किसी तरह अपने घर पहुंची। घटना की जानकारी पाकर पति बंगलुरू से गांव आया। पीडि़ता गुरुवार को पति के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची और मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
1000-500 के नोटबंदी से कालाधन लाना परियों की कहानी : महेश भट्ट
बैंक की लाइन में बच्चे को जन्म
कानपुर देहात के झींझक स्थित पीएनबी में कैश लेने को सुबह से लाइन में लगी शाहपुर डेरा की गर्भवती सर्वेषा देवी ने 3.45 बजे वहीँ लाइन में ही नवजात को जन्म दिया। इसके लिए वहां मौजूद महिलाओं ने मदद की। बाद में मौजूद सर्वेषा देवी को नवजात बच्चे समेत निकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।