गुड़गांव में नॉर्थ ईस्ट युवक पर हमला, अस्पताल में भर्ती
उत्तर-पूर्वी लोगों पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला गुड़गांव का है, जहां एक मणिपुरी युवक पर हमला हुआ है। हमले के बाद युवक को गुड़गांव के नीलकंठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार की रात एक मणिपुरी युवक पर भारी गुजरी।
गुड़गांव। उत्तर-पूर्वी लोगों पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला गुड़गांव का है, जहां एक मणिपुरी युवक पर हमला हुआ है। हमले के बाद युवक को गुड़गांव के नीलकंठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की रात एक मणिपुरी युवक पर भारी गुजरी। नथुपुर में किराये के मकान में रह रहे इस युवक पर चार लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि चारों युवक बिहार के रहने वाले हैं। इनमें से दो सगे भाई हैं। इन चारों ने मामूली विवाद को लेकर रविवार रात करीब 11 बजे नॉर्थ-ईस्ट युवक की पिटाई कर दी। ये चारों हाथ में चाकू लेकर जबरन पीड़ित युवक के कमरे में घुस आए और फिर उसे बुरी तरह पीट दिया।
वारदात के बाद मणिपुरी युवक बुरी तरह घायल हो गया। शोर गुल होने पर आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे पास के ही नीलकंठ अस्पताल में भर्ती कराया। हमले के बाद चारों आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों राजधानी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर में 30 वर्षीय मणिपुरी युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को उचित जांच करने का निर्देश दिया था।
पढ़ें: मणिपुरी छात्र हत्याकांड में उचित जांच करें पुलिस : हाई कोर्ट